Gujarat Floods: भारतीय क्रिकेटर का परिवार बाढ़ में फंसा, NDRF ने किया रेस्क्यू, खिलाड़ी ने कहा- हालात बहुत बुरे...

Gujarat Floods: गुजरात में बीते कुछ दिनों में हुई भारी बारिश ने तांडव मचा दिया है। वडोदरा, जामनगर जैसे कई शहर जलमग्न हो गए हैं। वडोदरा में लगातार हो रही बारिश की वजह से विश्वामित्री नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही। इसका पानी शहर में घुस गया है। इससे एक भारतीय क्रिकेटर भी प्रभावित हो गया। भारतीय स्पिनर राधा यादव और उनका परिवार भी बाढ़ में फंस गया। उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए हालात की जानकारी दी। इसके बाद NDRF की टीम ने उनके परिवार का रेस्क्यू किया।
राधा यादव ने इंस्टाग्राम पर स्टोरी के जरिए बताया'हम लोग बहुत बुरे हाल में फंस गए हैं। NDRF का शुक्रिया जो उन्होंने हमें यहां से बाहर निकाला। अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी में,उन्होंने एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें NDRF के अधिकारी नाव की मदद से कुछ लोगों को बचाते हुए दिखाई दे रहे हैं, जबकि सड़कों पर बहुत पानी था। राधा ने वीडियो के साथ सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लिखा, "हम बहुत बुरी स्थिति में फंस गए हैं। हमें बचाने के लिए #NDRF का बहुत-बहुत धन्यवाद।"
राधा तो अक्टूबर में होने वाले महिला टी20 विश्व कप के लिए भारतीय टीम में चुना गया है।
गुजरात में बारिश से जुड़ी घटनाओं मेंअब तक दो दर्जन से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है जबकि बुधवार को लगातार चौथे दिन राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश के कारण बाढ़ प्रभावित इलाकों से करीब 17 हजार लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया गया है। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि मृतकों में सात लोग शामिल हैं, जो रविवार को मोरबी जिले के हलवद तालुका के अंतर्गत धवना गांव के पास एक उफनते पुल को पार करते समय एक ट्रैक्टर ट्रॉली के बह जाने के बाद लापता हो गए थे। उनके शव बरामद कर लिए गए हैं।
वडोदरा में बारिश थमने के बावजूद निचले इलाकों में बाढ़ की स्थिति बनी हुई है। शहर से होकर बहने वाली विश्वामित्री नदी अपने किनारों को तोड़कर रिहायशी इलाकों में घुस गई है, जिससे इमारतें, सड़कें जलमग्न हो गए हैं। गुजरात के कई हिस्सों में बाढ़ जैसी स्थिति के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल को फोन कर स्थिति का जायजा लिया और प्राकृतिक आपदा से निपटने में राज्य को केंद्र के सहयोग का आश्वासन दिया।
बुधवार को सौराष्ट्र क्षेत्र के देवभूमि द्वारका, जामनगर, राजकोट और पोरबंदर जैसे जिलों में शाम 6 बजे तक 12 घंटे की अवधि में 50 मिमी से 200 मिमी बारिश हुई। इस अवधि के दौरान देवभूमि द्वारका जिले के भानवद तालुका में 185 मिमी बारिश हुई, जो राज्य में सबसे अधिक है।
मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने गुरुवार को सौराष्ट्र के जिलों के अलग-अलग हिस्सों में अत्यधिक भारी बारिश का अनुमान लगाया है।
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS