Logo
India's Lowest Test score: रोहित शर्मा ने बैंगलुरू टेस्ट में टॉस जीतने के बाद जब पहले बल्लेबाजी का फैसला किया होगा, तब ये नहीं सोचा कि ये दिन भारतीय क्रिकेट इतिहास के सबसे बुरे दिनों में शामिल हो जाएगा। भारतीय टीम पहली पारी में सिर्फ 46 रन पर ढेर हो गई। ये घर में भारत का सबसे छोटा स्कोर है।

India's Lowest Test score: बांग्लादेश के खिलाफ कानपुर टेस्ट में टीम इंडिया ने ढाई दिन में ही जीत हासिल कर ली थी। इसके बाद न्यूजीलैंड के खिलाफ भी भारत से ऐसे ही प्रदर्शन की फैंस ने उम्मीद की होगी। लेकिन बैंगलुरू टेस्ट के दूसरे दिन जो हुआ, वो शायद ही कोई भारतीय क्रिकेट फैन कभी भूलेगा, लड़ना तो दूर, टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाजों के आगे पूरी तरह घुटने टेक दिए। 

रोहित शर्मा, विराट कोहली जैसे बड़े नाम, कुछ नहीं कर पाए और टीम इंडिया 31.2 ओवर में 46 रन पर ढेर हो गई। 5 बैटर तो खाता नहीं खोल पाए। इसमें विराट कोहली, सरफराज खान, रवींद्र जडेजा,केएल राहुल और आर अश्विन शामिल हैं। भारत की तरफ से यशस्वी जायसवाल (13) और ऋषभ पंत (20) ही दहाई का आंकड़ा पार कर पाए। न्यूजीलैंड की तरफ से मैट हेनरी ने सबसे अधिक 5 विकेट लिए जबकि विलियम ओ' राउरके को 4 विकेट मिले। 

ये घर में भारत का टेस्ट में सबसे कम स्कोर है और ओवरऑल तीसरा सबसे कम स्कोर। भारत का टेस्ट में सबसे कम स्कोर 36 रन है, जो उसने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 2020 में एडिलेड टेस्ट में बनाया था। भारतीय टीम का दूसरा सबसे छोटा स्कोर 42 रन है। टीम इंडिया 1974 में इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स में 42 रन पर सिमट गई थी।

वहीं, घर में इससे पहले, भारत का लोएटेस्ट टोटल वेस्टइंडीज के खिलाफ था। भारत ने 1987  में वेस्टइंडीज के खिलाफ दिल्ली टेस्ट में 75 रन ही बनाए थे। लेकिन, इस बार तो टीम इंडिया 50 रन भी पार नहीं कर पाई। भारत 1933 से अपने घर में टेस्ट खेल रहा और 91 साल में यह टीम इंडिया का घर में सबसे कम स्कोर है। भारत अपने घर में पहली बार टेस्ट की एक पारी में 50 रन का आंकड़ा भी नहीं छू पाया। 11 खिलाड़ी मिलकर 50 रन नहीं बना सके।

इतना ही नहीं, घर में भारतीय टीम के साथ पहली बार ऐसा हुआ, जब टॉप-7 बैटर्स में से 4 खाता तक नहीं खोल पाए। यानी शून्य पर आउट हो गए। इससे पहले, इंग्लैंड के खिलाफ 2014 के मैनचेस्टर टेस्ट में भारत के टॉप-7 बैटर्स में से 4 एक भी रन नहीं बना पाए थे। लेकिन, घर में ऐसा पहली बार हुआ है। 

5379487