Ayush Mhatre: यशस्वी जायसवाल का रिकॉर्ड टूटा, मुंबई के बैटर ने इतनी उम्र में किया कमाल
Ayush Mhatre: मुंबई के युवा बैटर आयुष म्हात्रे ने नागालैंड के खिलाफ 181 रन की पारी खेलकर स्थापित भारतीय बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है।;

Ayush Mhatre: मुंबई के युवा क्रिकेटर आयुष म्हात्रे ने नया रिकॉर्ड बना दिया है। उन्होंने लिस्ट ए क्रिकेट में 150 से अधिक का स्कोर किया। मंगलवार को विजय हजारे ट्रॉफी में आयुष म्हात्रे ने नागालैंड के खिलाफ शतकीय पारी खेलकर यशस्वी जायसवाल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है।
आयुष म्हात्रे ने यह कारनामा 17 साल और 168 दिन की उम्र में किया है। वहीं, यशस्वी जायसवाल ने 17 साल और 291 दिन की उम्र में साल 2019 में झारखंड के खिलाफ यही कारनामा किया था। आयुष म्हात्रे ने इस सीजन ही लिस्ट ए क्रिकेट में मुंबई की तरफ से डेब्यू किया है। उन्होंने 117 गेंदों में 181 रन की जोरदार पारी खेली, जिसमें 11 छक्के और 15 चौके लगाए। उनकी पारी की मदद से मुंबई ने 50 ओवरों में 7 विकेट पर 403 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया। आयुष सीजन में लगातार नियमित रूप से खेल रहे हैं। विजय हजारे ट्रॉफी के शुरुआती मैच में आयुष म्हात्रे ने 78 रन की पारी खेली थी।
आयुष ईरानी कप में भी मुंबई टीम का हिस्सा थे, जिसमें 27 साल बाद मुंबई ने रेस्ट ऑफ इंडिया को हराकर खिताब अपने नाम किया था। वहीं, आयुष ने रणजी ट्रॉफी के डेब्यू मैच में भी अर्धशतक ठोका था।
आयुष ने महाराष्ट्र के खिलाफ भी 176 रन की बेहतरीन पारी खेली थी। मुंबई ने उस मुकाबले को 9 विकेट से जीता था। इसके बाद त्रिपुरा और ओडिशा के खिलाफ आयुष का बल्ला थोड़ा शांत हो गया। वहीं, फर्स्ट क्लास क्रिकेट का दूसरा शतक सर्विसेस के खिलाफ ठोका। जिसमें 149 गेंदों में 116 रन बनाए। आयुष अंडर-19 पुरुष एशिया कप में भी भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके। अंडर-19 एशिया कप में जापान के खिलाफ 54 रन और यूएई के खिलाफ 67 रन बनाए थे।