Abhimanyu Easwaran Century Irani cup: टीम इंडिया को इस साल के आखिर में बॉर्डर-गावस्कर टेस्ट सीरीज के लिए ऑस्ट्रेलिया दौरे पर जाना है। जहां दोनों देशों के बीच 5 टेस्ट की सीरीज खेली जाएगी। इस सीरीज से पहले भारत के सामने ये सवाल था कि तीसरा ओपनर कौन होगा? उसका जवाब ईरानी कप से मिलता दिख रहा। ऋतुराज गायकवाड़ और अभिमन्यु ईश्वरन इस रेस में सबसे आगे थे। लेकिन, ईरानी कप में मुंबई के खिलाफ शतक ठोक अभिमन्यु ने तीसरे ओपनर के रूप में अपना दावा मजबूत कर लिया। 

दरअसल इस वक्त रोहित शर्मा और यशस्वी जायसवाल भारत के लिए टेस्ट में पारी की शुरुआथ कर रहे लेकिन ऑस्ट्रेलिया दौरे पर टीम इंडिया को बैकअप ओपनर की भी जरूरत होगी। जो किसी खिलाड़ी के चोटिल होने की सूरत में ऑस्ट्रेलिया में ओपनर की भूमिका निभा सके और अभिमन्यु ने ईरानी कप में शतक जमाकर अपनी स्थिति मजबूत कर ली। अभिमन्यु  ने ईरानी कप में मुंबई के खिलाफ ओपनिंग करते हुए 150 रन की पारी खेली है। वो 151 रन पर नाबाद हैं। ये अभिमन्यु का 26वां फर्स्ट क्लास शतक है। 

रेस्ट ऑफ इंडिया के लिए पारी की शुरुआत करने आए ईश्वरन ने मैच में 117 गेंद में अपनी सेंचुरी पूरी की। उनके इस शतक के दम पर रेस्ट ऑफ इंडिया मुश्किल स्थिति में बाहर निकल सकी। ROI ने 40 रन के स्कोर पर पहला विकेट गंवा दिया था। लेकिन ईश्वरन ने एक छोर संभाले रखा और तेजी से रन बनाना जारी रखा। उन्होंने साईं सुदर्शन, ईशान किशन के साथ अर्धशतकीय साझेदारी की और इसके बाद ध्रुव जुरेल के साथ भी 61 रन जोड़ चुके हैं। 

पिछले महीने दलीप ट्रॉफी में इंडिया बी की कप्तानी करने वाले ईश्वरन ने दो शतक की मदद से 309 रन बनाए थे और वो दूसरे सबसे अधिक रन बनाने वाले बैटर थे। मुंबई के खिलाफ 150 रन की पारी ईश्वरन के इस सत्र का चौथा शतक है, जिसमें पिछले फरवरी में रणजी ट्रॉफी में बिहार के खिलाफ लगाया गया दोहरा शतक भी शामिल है।

अभिमन्यु इससे पहले भी इंग्लैंड दौरे पर भारतीय टीम के साथ जा चुके हैं लेकिन उन्हें टेस्ट में मौका नहीं मिला है। अभिमन्यु ने 97 फर्स्ट क्लास मैच में 7315 बनाए हैं। 29 अर्धशतक और 26 शतक उनके बल्ले से निकले हैं। अब देखना होगा कि भारतीय टीम मैनेजमेंट तीसरे ओनपर के रूप में किसे चुनता है।