Logo
Annabel Sutherland Double Century: ऑस्ट्रेलिया की 22 साल की बल्लेबाज एनाबेल सदरलैंड ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ पर्थ टेस्ट में दोहरा शतक जमाकर इतिहास रच दिया है।

नई दिल्ली। ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका की महिला क्रिकेट टीम के बीच पर्थ के वाका मैदान में इकलौता टेस्ट खेला जा रहा है। इस टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया की 22 साल की ऑलराउंडर एनाबेल सदरलैंड ने इतिहास रचा है। सदरलैंड ने पहली पारी में 3 विकेट लेने के बाद दोहरा शतक ठोक दिया है। सदरलैंड ने 248 गेंद में अपना दोहरा शतक किया। 22 साल की सदरलैंड पूर्व भारतीय कप्तान मिताली राज के बाद महिला टेस्ट क्रिकेट में दोहरा शतक लगाने वालीं सबसे युवा बल्लेबाज हैं। 

सदरलैंड महिला टेस्ट क्रिकेट में दोहरा शतक जमाने वाली 10वीं बल्लेबाज हैं। उन्होंने पर्थ टेस्ट के दूसरे दिन टी ब्रेक से पहले चौके से अपना दोहरा शतक पूरा किया। वो 210 रन बनाकर आउट हो गईं। वर्ना वो ऑस्ट्रेलिया की तरफ से महिला टेस्ट में सबसे बड़ी पारी खेलने के एलिस पैरी (213) के रिकॉर्ड को तोड़ देंती। सदरलैंड ने 256 गेंद में 210 रन बनाए। इस पारी में उन्होंने 27 चौके और दो छक्के मारे।

महिला क्रिकेट में सबसे बड़ी पारी खेलने का रिकॉर्ड पाकिस्तान की किरण बलूच के नाम है। उन्होंने 2004 में वेस्टइंडीज के खिलाफ 242 रन ठोके थे। सदरलैंड अब महिला टेस्ट क्रिकेट में सबसे बड़ी पारी खेलने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में चौथे स्थान पर हैं। 

ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका के बीच पर्थ में खेले जा रहे इस टेस्ट में साउथ अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी की थी और पहली पारी में 76 रन बनाए थे। इसके जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी 575/9 स्कोर के पारी घोषित की थी। इसके बाद खबर लिखे जाने तक साउथ अफ्रीका ने दूसरी पारी में 3 विकेट के नुकसान 43 रन बना लिए थे। 

jindal steel hbm ad
5379487