नई दिल्ली। भारतीय महिला पहलवान विनेश फोगाट पेरिस ओलंपिक से बाहर हो गईं। विनेस को बुधवार रात को 50 किलो वेट कैटेगरी के फाइनल में उतरना था। सुबह उनका वजन हुआ, जो तय सीमा से 100 ग्राम अधिक निकला। इसके बाद उन्हें डिस्क्वालिफाई कर दिया गया। यानी विनेश अब 50 किलो के फाइनल में नहीं उतर पाएंगी और अब मेडल की रेस से वो बाहर हो चुकी हैं। भारतीय ओलंपिक संघ ने भी इसकी पुष्टि कर दी है। इस मामले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी ट्वीट किया है। उन्होंने विनेश का हौसला बढ़ाया है। 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने ट्वीट में लिखा, "विनेश, आप चैंपियनों में चैंपियन हैं! आप भारत का गौरव हैं और हर भारतीय के लिए प्रेरणा हैं। आज की हार दुख देती है। काश मैं शब्दों में उस निराशा को व्यक्त कर पाता जो मैं अनुभव कर रहा हूँ। साथ ही, मैं जानता हूँ कि आप लचीलेपन की प्रतिमूर्ति हैं। चुनौतियों का सामना करना हमेशा से आपका स्वभाव रहा है। और मजबूत होकर वापस आओ! हम सब आपके लिए प्रार्थना कर रहे हैं।"

विनेश फोगाट के वजन विवाद को लेकर प्रधानमंत्री मोदी ने भारतीय ओलंपिक संघ की अध्यक्ष पीटी उषा से भी बात की है और उन्होंने इस पूरे मामले में जानकारी मांगी है। उन्होंने आईओए अध्यक्ष से भारत की तरफ से कड़ा विरोध दर्ज कराने को कहा है।