Logo
Ranji Trophy Final: रणजी ट्रॉफी के फाइनल में224 रन पर ढेर होने के बाद भी मुंबई ने जबरदस्त वापसी की और विदर्भ को पहली पारी में 105 पर ऑल आउट कर दिया। अपना आखिरी मैच खेल रहे गेंदबाज ने तीन विकेट लिए।

नई दिल्ली। रणजी ट्रॉफी का फाइनल वानखेड़े स्टेडियम में मुंबई और विदर्भ के बीच खेला जा रहा। मुंबई ने इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी की थी। लेकिन, पहले दिन ही टीम 64.3 ओवर में 224 रन पर ऑल आउट हो गई थी। मुंबई का ये स्कोर और कम हो सकता था, अगर शार्दुल ठाकुर ने 69 गेंद में 75 रन की पारी नहीं खेली होती तो। हालांकि, 224 रन पर सिमटने के बाद भी मुंबई के गेंदबाजों ने गजब का हौसला दिखाया और पहले दिन ही विदर्भ के तीन बल्लेबाजों को पवेलियन की राह दिखा दी थी। इसमें सबसे बड़ा हाथ था धवल कुलकर्णी। उन्होंने पहले दिन गिरे विदर्भ के तीन में से दो विकेट लिए। 

दूसरे दिन भी धवल कुलकर्णी ने शानदार गेंदबाजी की और तनुष कोटियन के साथ मिलकर विदर्भ को महज 105 रन पर ऑल आउट कर दिया। धवल ने तीन, तनुष ने भी तीन और बाएं  हाथ के स्पिनर शम्स मुलानी ने भी इतने ही विकेट लिए। पहले दिन का खेल शुरू होने से पहले धवल को साथी खिलाड़ियों ने मैदान पर उतरने से पहले गार्ड ऑफ ऑनर दिया। धवल ने संन्यास का ऐलान कर दिया है। ये उनका आखिरी फर्स्ट क्लास मैच है। धवल कुलकर्णी भारतीय कप्तान रोहित शर्मा के पुराने दोस्त हैं। दोनों लंबे वक्त तक ऐज ग्रुप क्रिकेट साथ खेले हैं और फर्स्ट क्लास क्रिकेट में भी दोनों का साथ लंबा रहा है। 

धवल कुलकर्णी ने पहली पारी में विदर्भ के तीन बल्लेबाजों अथर्व ताइडे, करुण नायर और अमन मोखाड़े को आउट किया। धवल ने अबतक 95 फर्स्ट क्लास मैच खेले हैं। इसमें उन्होंने 59.7 की स्ट्राइक रेट से 281 विकेट हासिल किए हैं। वो 15 बार पांच और 1 बार 10 विकेट लेने का भी कारनामा कर चुके हैं। धवल रोहित शर्मा की कप्तानी में मुंबई इंडियंस की तरफ से आईपीएल के कई सीजन खेले हैं। उन्होंने 92 आईपीएल मैच में कुल 86 विकेट झटके हैं।  

5379487