Hardik pandya Natasa stankovic divorce: भारत में शादी को सात जन्मों का रिश्ता माना जाता है। इस बंधन में बंधने के बाद दो लोग एक-दूसरे का साथ निभाने की कसमें खाते हैं। हालांकि, कई बार पटरी बैठाना मुश्किल हो जाता है। ऐसे में पति-पत्नी को न चाहते हुए भी अलग हो जाना पड़ता है। ऐसा ही कुछ भारतीय क्रिकेटर हार्दिक पंड्या और उनकी एक्ट्रेस पत्नी नताशा स्टेनकोविक के बीच हुआ है। हार्दिक के हाथ से जिस दिन भारतीय टीम की उपकप्तानी छिनी, उसी दिन उन्होंने नताशा से अलग होने का ऐलान किया। उनके लिए भी ये फैसला आसान नहीं था। 

हार्दिक और नताशा दोनों ने एक साझा बयान जारी कर अपने अलग होने की खबरों की पुष्टि की। इस बीच, इस कपल का बेटा अगस्त्य मां नताशा के साथ सर्बिया चला गया है। भारत में बॉलीवुड और क्रिकेट का कनेक्शन पुराना है। इससे पहले भी कई क्रिकेटर एक्ट्रेस से शादी कर चुके हैं। खैर, उसकी बात फिर कभी। आज आपको ये बताते हैं कि हार्दिक से पहले भी कई भारतीय क्रिकेटर तलाक का दर्द झेल चुके हैं। आइए उनके बारे में जानते हैं। 

शिखर धवन का हो चुका है तलाक
शिखर धवन फिलहाल टीम इंडिया से बाहर चल रहे हैं। वो भी हार्दिक से पहले तलाक का सामना कर चुके हैं। धवन ने 2012 में तलाकशुदा आयशा मुखर्जी से 2012 में शादी की थी। दोनों का एक बेटा है जोरावर। ये कपल 11 साल तक शादी के रिश्ते में रहा। हालांकि, दोनों के रिश्ते में एक साल पहले कड़वाहट आ गई। पिछले साल ही धवन ने मानसिक प्रताड़ना का हवाला देकर आयशा से तलाक ले लिया। ऑस्ट्रेलियाई नागरिक होने के नाते आयशा अपने वतन लौट गईं और साथ में बेटे जोरावर को ले गईं। इसके बाद धवन ने सोशल मीडिया पर कई बार ये लिखा कि पत्नी उन्हें बेटे से मिलने नहीं देती हैं। 

दिनेश कार्तिक को भी मिला था धोखा!
भारतीय विकेटकीपर बैटर दिनेश कार्तिक ने 2007 में अपनी बचपन की दोस्त निकिता बंजारा से शादी की थी। लेकिन, इस कपल की शादी 5 साल ही चली। दरअसल, दिनेश के साथ रिश्ते में रहते हुए निकिता की दोस्ती भारतीय क्रिकेटर मुरली विजय से हो गई थी। ये जानकर दिनेश को गहरा सदमा पहुंचा था। इसके बाद उन्होंने निकिता से तलाक ले लिया था। बाद में दिनेश ने भारतीय स्क्वॉश प्लेयर दीपिका पल्लीकल से शादी रचाई। इस कपल के जुड़वां बच्चे हैं। 

मोहम्मद शमी ने भी पत्नी से अलगाव का दर्द सहा
चोट की वजह से फिलहाल टीम इंडिया से बाहर चल रहे मोहम्मद शमी ने 10 साल पहले हसीन जहां से निकाह किया था। दोनों की मुलाकात आईपीएल के दौरान ही हुई थी। तब हसीन चीयरलीडर हुआ करती थीं। हालांकि, कुछ साल तक तो ये रिश्ता ठीक चला। लेकिन, 2018 में हसीन जहां ने शमी पर दूसरी महिलाओं से अफेयर और घरेलू हिंसा के आरोप लगाए थे। तब से दोनों की राहें अलग हो गईं थीं। दोनों की एक बेटी भी है, जो हसीन जहां के साथ रहती है। 

विनोद कांबली
पूर्व भारतीय क्रिकेटर विनोद कांबली ने भी दोस्त नोएला लुईस से 1998 में शादी रचाई थी। हालांकि, उनपर पत्नी के साथ बदसलूकी और मारपीट के आरोप लगे थे। ये रिश्ता लंबा नहीं चला था और बाद में काबंली ने तलाक ले लिया था और फिर उन्होंने दूसरी शादी की थी।