नई दिल्ली। मुंबई इंडियंस को 5 बार आईपीएल का चैंपियन बनाने वाले रोहित शर्मा अगले सीजन में टीम के कप्तान नहीं होंगे। रोहित के स्थान पर हार्दिक पंड्या आईपीएल 2024 में मुंबई टीम की कप्तानी करेंगे। मुंबई इंडियंस ने शुक्रवार को एक बयान जारी कर ये जानकारी दी।

मुंबई इंडियंस का कप्तान बदलने का फैसला, हार्दिक को टीम से जोड़ने के एक महीने से कम समय के अंदर हुआ है। हार्दिक को हाल ही में मुंबई ने ट्रेड के जरिए गुजरात टाइटंस से खरीदा था। 

हार्दिक को 2022 में मुंबई ने रिलीज किया था

हार्दिक को 2022 में मुंबई इंडियंस ने छोड़ दिया था, जिसके बाद वो नई फ्रेंचाइजी गुजरात टाइटंस से जुड़े थे। हार्दिक को गुजरात का कप्तान बनाया गया था। उनकी अगुआई में गुजरात ने आईपीएल 2022 का खिताब जीता था और इस साल टीम रनर अप रही थी। 

मुंबई इंडियंस के ग्लोबल हेड महेला जयवर्धने ने हार्दिक को कप्तान बनाने पर कहा, "यह विरासत के निर्माण और भविष्य के लिए तैयार रहने के मुंबई इंडियंस की फिलोसॉफी के प्रति सच्चे रहने की तरफ उठाया गया कदम है। सचिन (तेंदुलकर) से लेकर हरभजन (सिंह) और रिकी (पोंटिंग) से लेकर रोहित तक मुंबई इंडियंस को हमेशा शानदार कप्तान मिले। इन सभी ने भविष्य की टीम तैयार करने पर ध्यान दिया। इसी सोच को ध्यान में रखते हुए हार्दिक पंड्या को आईपीएल 2024 के लिए कप्तान बनाया गया है।"

रोहित असाधारण कप्तान: जयवर्धने
महेला ने रोहित शर्मा की भी तारीफ की। उन्होंने कहा, "रोहित की अगुआई में मुंबई इंडियंस अबतक की सबसे सफल और पसंदीदा टीमों में से एक बनी। हम मुंबई इंडियंस को और मजबूत करने के लिए मैदान के अंदर और बाहर उनके मार्गदर्शन का इंतजार करेंगे। हम नए कप्तान के रूप में हार्दिक पंड्या का स्वागत करते हैं और उन्हें शुभकामनाएं देते हैं।"

रोहित ने 5 बार MI को आईपीएल चैंपियन बनाया
रोहित शर्मा की कप्तानी में मुंबई इंडियंस ने 2013, 2015, 2017, 2019 और 2020 में आईपीएल का खिताब जीतने में सफलता हासिल की थी। वो ऐसा करने वाले पहले कप्तान बने थे। उन्होंने 2013 में टीम की कमान संभाली थी।