New Zealand vs Uganda, T20 World cup: आईसीसी मेंस t20 वर्ल्ड कप 2024 के एक अर्थहीन मुकाबले में न्यूजीलैंड ने युगांडा को महज 32 गेंद में हरा दिया। इस मैच में युगांडा ने पहले बल्लेबाजी की और t20 मैच में टेस्ट की तरह खेल दिखाया। युगांडा के बैटर्स न्यूजीलैंड के गेंदबाजों के आगे 18.4 ओवर तक टिके तो रहे लेकिन स्कोरबोर्ड टुक-टुक की गति से ही आगे बढ़ा। 112 गेंद खेलने के बाद भी युगांडा की टीम 40 रन ही जोड़ पाई। युगांडा की तरफ से सिर्फ एक बैटर केनेथ वैसवा ही दहाई का आंकड़ा पार कर पाए। 

युगांडा की पूरी पारी में सिर्फ तीन चौके लगे। युगांडा की पारी 112 गेंद तक चली, इसमें से 89 बॉल डॉट रही। यानी इतनी गेंदों पर युगांडा के बल्लेबाज रन नहीं बना पाए। युगांडा ने अपनी पारी में 2.14 के रनरेट से रन बनाए। ये t20 विश्व कप इतिहास का सबसे कम रन रेट वाली पारी रही। युगांडा ने अपने ही पिछले रिकॉर्ड को तोड़ा। उसने इसी विश्व कप में वेस्टइंडीज के खिलाफ 3.25 की रनरेट से रन बनाए थे। 

न्यूजीलैंड की तरफ से टिम साउदी ने 4 ओवर में 4 रन देकर 3 विकेट लिए। मिचेल सैंटनर, ट्रेंट बोल्ट ने भी 2-2 विकेट हासिल किए। न्यूजीलैंड ने 32 गेंद में ही जीत का लक्ष्य हासिल कर लिया। डेवोन कॉनवे ने नाबाद 22 रन बनाए। न्यूजीलैंड ने 88 गेंद रहते जीत हासिल की। ये t20 विश्व कप के इतिहास में गेंद के लिहाज से तीसरी सबसे बड़ी जीत है। इसी विश्व कप में इंग्लैंड ने ओमान को 101 गेंद रहते हराया था। हालांकि, इस जीत के बाद भी न्यूजीलैंड का विश्व कप का सफर खत्म हो गया। कीवी टीम ने 3 में से 1 ही मैच जीता है।