Logo
Under 19 World Cup 2024 Final: अंडर 19 विश्व कप 2024 का फाइनल मुकाबला रविवार को भारत अंडर 19 टीम और ऑस्ट्रेलिया अंडर 19 के बीच बेनोनी के विलोमूर पार्क में खेला गया।

Under 19 World Cup 2024 Final: अंडर 19 विश्व कप 2024 का फाइनल मुकाबला रविवार को भारत अंडर 19 टीम और ऑस्ट्रेलिया अंडर 19 के बीच बेनोनी के विलोमूर पार्क में खेला गया। निर्णायक मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 79 रन से हराकर चौथी बार खिताब अपने नाम किया। ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 7 विकेट खोकर 253 रन बनाए थे। जवाब में भारतीय टीम 43.5 ओवर में 174 रन पर सिमट गई। भारत की ओर से आदर्श सिंह ने सबसे ज्यादा 47 रन बनाए।

पहली बार फाइनल में भारत को हराया

इससे पहले कंगारू टीम ने साल 1988, 2002 और 2010 में अंडर 19 विश्व कप की ट्रॉफी उठाई थी। साथ ही ऑस्ट्रेलिया ने फाइनल में पहली बार भारतीय टीम को हराया है। भारत और ऑस्ट्रेलिया आखिरी बार 2018 में अंडर 19 विश्व कप के फाइनल में टकराए थे। पृथ्वी शॉ की कप्तानी वाली भारतीय टीम ने निर्णायक मुकाबले को 8 विकेट से जीता था। इससे पहले भारत और ऑस्ट्रेलिया अंडर 19 विश्व कप 2012 के फाइनल में आमने-सामने आए थे। उनमुक्त चंद की कप्तानी वाली भारतीय टीम ने फाइलन में कंगारूओं को 6 विकेट से रौंदा था। 

Under 19 World Cup 2024 Final Update:

भारतीय टीम 174 रन पर सिमटी

भारतीय टीम का आखिरी विकेट गिरा। सौम्य पांड़े 2 रन ही बना सके। नमन तिवारी 14 रन बनाकर नाबाद रहे।

भारत का 9वां विकेट गिरा
भारतीय टीम की आखिरी उम्मीद मुरुगन अभिषेक अब पवेलियन लौट चुके हैं। उन्होंने 46 गेंदों पर 42 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने 5 चौके और 1 छक्का भी लगाया। 

लिंबानी का नहीं खुला खाता
खराब शुरुआत के बाद भारतीय टीम नियमित अंतराल में विकेट खोती गई। राज लिंबनी के रूप में भारत का 8वां विकेट गिरा है। भारतीय गेंदबाज खाता तक नहीं खोल सके। राफ मैकमिलन ने उन्हें बोल्ड किया।

आदर्श सिंह का विकेट गिरा
भारतीय टीम का 7वां विकेट गिरा चुका है। सलामी बल्लेबाज अर्धशतक से चूक गए। उन्होंने 77 गेंदों पर 47 रन बनाए। अपनी इस पारी में उन्होंने 4 चौके और 1 छक्का लगाया। 

भारत को लगा छठा झटका
फाइनल में भारतीय पारी लड़खड़ा गई। खिलाड़ी एक के बाद एक अपना विकेट गंवा बैठे। विकेटकीपर अरवेल्ली अवनीश खाता तक नहीं खोल सके।

भारत का 5वां विकेट गिरा
90 के स्कोर पर भारत की आधी टीम पवेलियन लौट चुकी है। प्रियांशु मोलिया के रूप में भारत का 5वां विकेट गिरा। उन्होंने 21 गेंदों का सामना किया और 9 रन बनाए।

सचिन धस भी लौटे पवेलियन
भारतीय टीम की मुश्किलें कम होने के नाम नहीं ले रही हैं। कप्तान के बाद अब सचिन धस भी पवेलियन लौट गए हैं। उन्होंने 1 चौके की बदौलत 8 गेंदों पर 9 रन बनाए। 

उदय सहारन ने बनाए 8 रन
भारतीय टीम अब बैकफुट पर नजर आ रही है। 55 के स्कोर पर टीम के 3 बल्लेबाज पवेलियन लौट चुके हैं। कप्तान उदय सहारन के रूप में टीम को तीसरा झटका लगा। उदय ने 18 गेंदों का सामना किया और 8 रन बनाए।

भारत का दूसरा विकेट गिरा
भारत का दूसरा विकेट गिरा चुका है। महली बियर्डमैन ने मुशीर खान को बोल्ड किया। मुशीर ने 3 चौकों की बदौलत 33 गेंदों पर 22 रन बनाए। उनके और आदर्श सिंह के बीच दूसरे विकेट के लिए 37 रनों की साझेदारी हुई। 

भारत को पहला झटका
भारतीय टीम का पहला विकेट गिर गया है। सलामी बल्लेबाज अर्शिन कुलकर्णी ने 6 गेंदों का सामना किया और 3 रन बनाए। कैलम विडलर ने उनका विकेट चटकाया। 

ऑस्ट्रेलिया ने बनाए 253 रन
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने 50 ओवर में 7 विकेट खोकर 253 रन बनाए हैं। हरजस सिंह (55) ने अर्धशतक लगाया। उनके अलावा कप्तान ह्यू वेइब्गेन ने 48, सलामी बल्लेबाज हैरी डिक्सन ने 42 और ओलिवर पीक ने 46* रन बनाए। भारत की ओर से राज लिंबानी ने 3 विकेट चटकाए। उनके अलावा नमन तिवारी ने 2 और सौम्य पांडे, मुशीर खान ने 1-1 विकेट लिया। 

7 कंगारू बल्लेबाज लौटे पवेलियन
राज लिंबानी ने ऑस्ट्रेलिया टीम को 7वां झटका दिया है। उन्होंने चार्ली एंडरसन को एलबीडब्ल्यू आउट किया। एंडरसन ने 18 गेंदों पर 13 रन की पारी खेली। लिंबानी ने मुकाबले का तीसरा विकेट अपने नाम किया। 

ऑस्ट्रेलिया का छठा विकेट गिरा
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलिया का छठा विकेट गिरा गया है। मुशीर खान ने अपनी ही गेंद पर राफ मैकमिलन का कैच लपका। राफ मैकमिलन ने 8 गेंदों पर 2 रन बनाए।

हरजस सिंह अर्धशतक लगाकर लौटे पवेलियन
ऑस्ट्रेलिया की आधी टीम पवेलियन लौट गई है। टूर्नामेंट में कुछ खास नहीं करने वाले हरजस सिंह ने फाइनल में अर्धशतक लगाया। उन्होंने 64 गेंदों पर 55 रन बनाए। सौम्य पांडे ने उनका विकेट चटकाया। 

कंगारू टीम का चौथा विकेट गिरा
कंगारू टीम का चौथा विकेट गिर गया है। विकेटकीपर रयान हिक्स ने 2 चौकों की मदद से 25 गेंदों पर 20 रन बनाए। राज लिंबानी ने उन्हें LBW आउट किया। मुकाबले में राज की यह दूसरी सफलता है। 

अर्धशतक से चूके डिक्सन
ऑस्ट्रेलिया अंडर 19 टीम का तीसरा विकेट गिरा गया है। सलामी बल्लेबाज हैरी डिक्सन अर्धशतक से चूक गए। उन्होंने 56 गेंदों पर 3 चौकों और 1 छक्के की मदद से 42 रन बनाए। नमन तिवारी ने उन्हें मुरुगन अभिषेक के हाथों कैच आउट कराया। 

ऑस्ट्रेलिया को दूसरा झटका
ऑस्ट्रेलिया अंडर 19 टीम को दूसरा झटका लगा है। अपने पहले ओवर में महंगे साबित होने वाले नमन तिवारी ने दूसरे ओवर में बड़ी मछली को जाल में फंसाया। उन्होंने कंगारू कप्तान ह्यू वेइबगेन को पवेलियन की राह दिखाई और दूसरे विकेट के लिए हुई अर्धशतकीय साझेदारी को तोड़ा। ह्यू अर्धशतक से चूक गए और उन्होंने 66 गेंदों पर 48 रन बनाए। 

ऑस्ट्रेलिया का पहला विकेट गिरा
राज लिम्बानी ने भारत को पहली सफलता दिलाई है। उन्होंने तीसरे ओवर की तीसरी गेंद पर सैम कोनस्टास को बोल्ड किया। सैन ने 8 गेंदों का सामना किया और खाता तक नहीं खोल सके।

युवा टीम को भारतीय कप्तान का साथ

दोनों टीमों की प्लेइंग 11
ऑस्ट्रेलिया U19:
हैरी डिक्सन, सैम कोन्स्टास, ह्यू वेइबगेन (कप्तान), हरजस सिंह, रयान हिक्स (विकेटकीपर), ओलिवर पीक, राफ मैकमिलन, चार्ली एंडरसन, टॉम स्ट्राकर, महली बियर्डमैन, कैलम विडलर।
भारत U19: आदर्श सिंह, अर्शिन कुलकर्णी, मुशीर खान, उदय सहारन (कप्तान), प्रियांशु मोलिया, सचिन धस, अरावेली अवनीश (विकेटकीपर), मुरुगन अभिषेक, राज लिम्बानी, नमन तिवारी, सौम्य पांडे।

ऑस्ट्रेलिया ने जीता टॉस

ऑस्ट्रेलिया की युवा टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया है। 

अंडर 19 विश्व कप के फाइनल में 2 बार भिड़े भारत ऑस्ट्रेलिया
भारत और ऑस्ट्रेलिया आखिरी बार 2018 में अंडर 19 विश्व कप के फाइनल में टकराए थे। पृथ्वी शॉ की कप्तानी वाली भारतीय टीम ने निर्णायक मुकाबले को 8 विकेट से जीता था। भारत की जीत के हीरो मनजोत कालरा (101*) रहे थे, जिन्होंने फाइनल में शतक जड़ा था। शुभमन गिल भी इस मुकाबले का हिस्सा थे। इससे पहले भारत और ऑस्ट्रेलिया अंडर 19 विश्व कप 2012 के फाइनल में आमने-सामने आए थे। उनमुक्त चंद की कप्तानी वाली भारतीय टीम ने फाइलन में कंगारूओं को 6 विकेट से रौंदा था। ऐसे में भारतीय टीम के पास ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अंडर 19 विश्व कप के फाइनल में जीत की हैट्रिक लगाने का मौका है।

3 बार फाइनल में हारी भारतीय टीम
भारतीय टीम ने अब तक 5 बार अंडर 19 विश्व कप जीता है। इसके अलावा 3 बार टीम को निर्णायक मुकाबले में हार का सामना भी करना पड़ा है। 2006 में पाकिस्तान ने भारत को 38 रन से हराया था। 2016 में वेस्टइंडीज ने ईशान किशन की कप्तानी वाली भारतीय टीम को 5 विकेट से परास्त किया था। इसके अलावा अंडर 19 विश्व कप 2020 के फाइनल में बांग्लादेश ने भारत को DLS मैथड से 3 विकेट से मात दी थी। प्रियम गर्ग इस भारतीय टीम का नेतृत्व कर रहे थे। अन्य टीमों की बात करें तो ऑस्ट्रेलिया ने 3, पाकिस्तान ने 2 और बांग्लादेश, वेस्टइंडीज, दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड ने 1-1 बार अंडर 19 विश्व कप जीता है।

टूर्नामेंट में भारतीय टीम का प्रदर्शन

  • भारतीय अंडर-19 टीम ने अपने पहले मैच में बांग्लादेश अंडर-19 टीम को 84 रन से हराया था। 
  • ग्रुप स्टेज के दूसरे मैच में भारत ने आयरलैंड अंडर-19 टीम को 201 रन से मात दी। 
  • साथ ही तीसरे मैच में भारतीय अंडर-19 टीम ने US अंडर-19 टीम को 201 रन से पटखनी दी थी। 
  • सुपर-6 के पहले मैच में भारत अंडर-19 टीम ने न्यूजीलैंड अंडर-19 टीम को 214 रन से रौंदा था। 
  • सुपर-6 के अपने दूसरे मैच में उदय सहारन की कप्तानी वाली टीम ने नेपाल अंडर-19 टीम को 132 रन से परास्त किया था।
  • रोमांचक सेमीफाइनल में भारतीय टीम ने दक्षिण अफ्रीका अंडर-19 टीम को 2 विकेट से धूल चटाई थी।

टूर्नामेंट में ऑस्ट्रेलिया टीम का प्रदर्शन

  • ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 टीम ने अपने पहले मुकाबले में नामीबिया अंडर-19 टीम को 4 विकेट से हराया था। 
  • ग्रुप स्टेज के दूसरे मैच में कंगारूओं ने जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम को 225 रन से रौंदा था। 
  • टूर्नामेंट के अपने तीसरे मैच में ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 टीम ने श्रीलंका अंडर-19 टीम को 6 विकेट से परास्त किया था। 
  • सुपर-6 के पहले मैच में ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 टीम ने इंग्लैंड को DLS मैथड से 110 रन से पराजित किया था।
  • ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 और वेस्टइंडीज अंडर-19 टीम के बीच सुपर-6 का मुकाबला बेनतीजा रहा था। 
  • आखिरी ओवर तक चलने वाले दूसरे सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया ने पाकिस्तान को 1 विकेट पटखनी दी थी। 

विश्व कप के लिए दोनों टीमों का स्क्वॉड

  • भारत U19 टीम: आदर्श सिंह, अर्शिन कुलकर्णी, मुशीर खान, उदय सहारन (कप्तान), प्रियांशु मोलिया, सचिन धस, अरावेली अवनीश (विकेटकीपर), मुरुगन अभिषेक, राज लिंबानी, नमन तिवारी, सौम्य पांडे, आराध्या शुक्ला, अंश गोसाई, धनुष गौड़ा, रुद्र पटेल, प्रेम देवकर, मोहम्मद अमान, इनेश महाजन।
  • ऑस्ट्रेलिया U19 टीम: हैरी डिक्सन, सैम कोन्स्टास, ह्यू वेबजेन (कप्तान), हरजस सिंह, रयान हिक्स (विकेटकीपर), ओलिवर पीक, टॉम कैंपबेल, राफ मैकमिलन, टॉम स्ट्राकर, महली बियर्डमैन, कैलम विडलर, लाचलान एटकेन, चार्ली एंडरसन, हरकीरत बाजवा, कोरी वास्ले, एडन ओ कॉनर।

भारतीय टीम ने कब-कब जीता अंडर 19 विश्व कप

साल 2000
भारतीय टीम ने पहली बार साल 2000 में मोहम्मद कैफ की कप्तानी में अंडर-19 विश्व कप का खिताब जीता था। कोलंबो में खेले गए निर्णायक मुकाबले में भारत ने श्रीलंका अंडर-19 टीम को 6 विकेट से हराया था। युवराज सिंह भी इस टीम का हिस्सा थे। उन्हें प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया था। 

साल 2008
भारतीय अंडर 19 टीम ने साल 2008 में दूसरी बार अंडर 19 विश्व कप जीता था। क्वालालंपुर में खेले गए फाइनल में भारत ने दक्षिण अफ्रीका अंडर 19 टीम को DLS मैथड से 12 रन से हराया था। तब विराट कोहली भारतीय टीम की कमान संभाल रहे थे। रवींद्र जडेजा, मनीष पांड़े और सौरव तिवारी भी इसी टीम का हिस्सा थे। 

साल 2012
टीम इंडिया ने साल 2012 में तीसरी बार अंडर 19 विश्व कप की ट्रॉफी उठाई थी। टोनी आयरलैंड स्टेडियम में खेले गए निर्णायक मैच में उन्मुक्त चंद की कप्तानी वाली भारतीय टीम ने ऑस्ट्रेलिया अंडर 19 टीम को 6 विकेट से मात दी थी। बाबा अपराजित,  संदीप शर्मा और हनुमा विहारी भी इसी टीम का हिस्सा थे। 

साल 2018
भारतीय टीम ने चौथी बार साल 2018 में अंडर 19 विश्व कप जीता था। बे ओवल, माउंट माउंगानुई में खेले गए फाइनल में भारत अंडर 19 टीम टीम ने ऑस्ट्रेलिया अंडर 19 टीम को 8 विकेट से रौंदा था। पृथ्वी शॉ इस विजेता भारतीय टीम के कप्तान थे। इसके अलावा शुभमन गिल, रियान पराग, कमलेश नागरकोटी और शिवम मावी भी इस विजेता टीम का हिस्सा थे। 

साल 2022
भारतीय टीम ने आखिरी बार साल 2022 में इंग्लैंड अंडर 19 टीम को 4 विकेट से हराकर अंडर 19 विश्व कप के खिताब पर कब्जा जमाया था। यश ढुल इस भारतीय टीम की कमान संभाल रहे थे। राजवर्धन हंगरगेकर, राज बावा, निशांत सिंधु भी इस युवा टीम का हिस्सा थे।

5379487