Mahendra Singh Dhoni, Rishabh Pant: इंग्लैंड के खिलाफ इन दिनों खेली जा रही टेस्ट सीरीज में भारतीय टीम को ऋषभ पंत की कमी साफ खल रही है। सीरीज में बतौर विकेटकीपर खेल रहे केएस भरत का बल्ला दोनों ही मुकाबलों में खामोश रहा है। उन्होंने पहले टेस्ट की पहली पारी में 41 और दूसरी पारी में 28 रन बनाए थे। इसके अलावा विशाखपत्तनम में खेले गए दूसरे टेस्ट में केएस भरत ने 17 और 6 रन बनाए थे। महेंद्र सिंह धोनी के टेस्ट संन्यास के बाद से भारतीय टीम 8 विकेटकीपर को आजमा चुकी है, लेकिन उनमें से सिर्फ ऋषभ पंत ही रन बनाने में सफल हुए हैं। धोनी के संन्यास के बाद से पंत ने टेस्ट में अन्य 7 विकेटकीपर से ज्यादा रन बनाए हैं, जबकि वह पिछले 1 साल से क्रिकेट से दूर हैं। 

पंत ने बनाए 2271 रन
महेंद्र सिंह धोनी ने 26 से 30 दिसंबर, 2014 को अपने करियर का आखिरी टेस्ट मैच खेला था। इसके बाद से भारतीय टीम ने टेस्ट में ऋषभ पंत, केएल राहुल, ऋद्धिमान साहा, केएस भरत, पार्थिव पटेल, दिनेश कार्तिक, नमन ओझा और ईशान किशन को बतौर विकेटकीपर आजमाया है। अगस्त 2018 में टेस्ट डेब्यू करने वाले पंत ने अब तक खेले 33 टेस्ट की 56 पारियों में 43.67 की औसत से 2271 रन बनाए हैं। उन्होंने इस प्रारूप में 11 अर्धशतक और 5 शतक भी लगाए हैं। धोनी के संन्यास के बाद पंत को छोड़कर अन्य 7 विकेटकीपर ने 83 पारियों में 28.8 की औसत से 1985 रन बनाए हैं। इन सभी बल्लेबाजों ने 9 सालों में 9 अर्धशतक और 4 शतक जड़े हैं। 

धोनी के संन्यास के बाद अन्य 7 विकेटकीपर का प्रदर्शन

  • केएल राहुल ने बतौर विकेटकीपर अब तक 2 टेस्ट खेले हैं। इस दौरान उन्होंने 37.66 की औसत से 113 रन बनाए हैं और 1 शतक भी लगाया है। 
  • धोनी के संन्यास के बाद ऋद्धिमान साहा ने 37 टेस्ट खेले। इस दौरान उन्होंने 31.02 की औसत से 1241 रन बनाए हैं और 3 शतक भी लगाए हैं। 
  • पिछले साल टेस्ट डेब्यू करने वाले केएस भरत ने अब तक खेले 7 टेस्ट की 12 पारियों में 20.09 की औसत से 221 रन बनाए हैं। 
  • धोनी के संन्यास के बाद पार्थिव पटेल ने 35.85 की औसत से 5 टेस्ट में 251 रन बनाए हैं।
  • दिनेश कार्तिक ने धोनी के संन्यास के बाद 3 टेस्ट खेले। इस दौरान उन्होंने 5 की औसत से 25 रन बनाए। 
  • जुलाई 2023 में टेस्ट डेब्यू करने वाले ईशान ने अब तक खेले 2 टेस्ट की 3 पारियों में 78 रन बनाए हैं। 
  • सितंबर 2015 में टेस्ट डेब्यू करने वाले नमन ओझा ने 1 मैच की 2 पारियों में 56 रन बनाए हैं। 

पंत की गैरमौजूदगी में आजमाए 3 विकेटकीपर
2022 के अंत में ऋषभ पंत सड़क दुर्घटना में घायल हो गए थे। इसके बाद मुंबई में उनका इलाज हुआ था। पंत दिसंबर, 2022 से ही क्रिकेट से दूर हैं। पंत के घायल होने के बाद भारतीय टीम ने 3 विकेटकीपर को अजामाया है। इस दौरान केएस भरत ने 20.09 की औसत से 12 पारियों में 221 रन बनाए हैं। इसके अलावा केएल राहुल ने बतौर विकेटकीपर 37.66 की औसत से 3 पारियों में 113 रन और ईशान किशन ने 78 की औसत से 3 पारियों में 78 रन बनाए हैं। 

ये भी पढ़ें: Srikar Bharat: आखिर कब चलेगा श्रीकर भरत का बल्ला, टेस्ट में अब तक नहीं लगाया एक भी अर्धशतक; शर्मनाक हैं आंकड़े