Vinesh Phogat Instagram Post: विनेश फोगाट पेरिस ओलंपिक में 100 ग्राम अधिक वजन के चलते अयोग्य घोषित हुईं। वहीं, उनकी अपील भी खारिज कर दी गई। विनेश ने पेरिस ओलंपिक में अच्छा प्रदर्शन किया, लेकिन वह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से बाहर हो गईं। 

भारत लौटने से पहले विनेश फोगाट ने इंस्टाग्राम पर इमोशनल पोस्ट शेयर की है। उन्होंने कुश्ती के अखाड़े में रोते हुए फोटो डाली, जिसमें उन्होंने इमोशनल पंजाबी सॉन्ग लगाया है। विनेश ने गाने के बहाने अपना दुख जाहिर किया है।

विनेश फोगाट ने इंस्टाग्राम पर जो पोस्ट शेयर की है, उसमें पंजाबी गाना लगाया, जिसके बोल कुछ इस प्रकार हैं। 

मेरी बारी ते लगदे, तू रब्बा सुत्ता ही रह गया।
जिंदगी सिद्दी कर दिंदा, सब कुझ पुट्‌ठा ही रेह गया।
न दित्ता प्यार, न दित्ता सुकून, साडियां रगां च काला खून।
दिल साड्‌डा टुटिया टुटिया टूट्‌टा ही रेह गया।

पंजाबी गीत का हिंदी अर्थ
मेरी बारी आने पर भगवान सोए रह गए। जिंदगी सीधी कर देते, सब कुछ उल्टा ही रह गया। न प्यार दिया, न सुकून, हमारी रगों में काला खून। हमारा दिल टूटा ही रह गया।

कुश्ती से लिया संन्यास 
विनेश फोगाट कुश्ती के 50 किलोग्राम वर्ग के फाइनल से पहले अयोग्य करार घोषित हो गई थीं। उनका महज 100 ग्राम वजन अधिक निकला था। अयोग्य घोषित होने से निराश और हताश विनेश फोगाट ने कुश्ती से संन्यास का ऐलान कर दिया। हालांकि भारत सरकार और खेल मंत्रालय का साथ मिलने के बाद उन्होंने खेल मामले की कोर्ट (CAS) में अपील की थी। हालांकि वहां से भी विनेश की अपील खारिज हो गई। अब विनेश को अपने देश लौटना होगा। 

भारत लौटने पर होगा भव्य स्वागत 
पीएम मोदी विनेश फोगाट को चैंपियन बता दे चुके हैं। भले ही विनेश ने पेरिस ओलंपिक में कोई मेडल नहीं जीता, लेकिन उन्हें पूरे भारत से समर्थन मिला। उनके गृह राज्य हरियाणा की सरकार ने तो घोषणा की है कि देश वापसी पर विनेश का भव्य स्वागत किया जाएगा। उन्हें मेडल विजेता ही माना जाएगा।