नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग हमेशा से ही ऐसा मंच साबित हुआ है, जिसने भारतीय क्रिकेट को कई सितारे दिए हैं। आईपीएल 2024 भी इससे कुछ अलग नहीं है। इस सीजन में भी ऐसे कई खिलाड़ी उभरे हैं, जो भविष्य में टीम इंडिया की तरफ से खेल सकते हैं। इन तीन खिलाड़ियों में अभिषेक शर्मा, रियान पराग और मयंक यादव शामिल हैं। 

अभिषेक शर्मा बाएं हाथ के बैटर हैं और इस सीजन में सनराइजर्स हैदराबाद की तरफ से खेल रहे। वहीं, रियान पराग राजस्थान और मयंक यादव लखनऊ सुपर जायंट्स की तरफ से आईपीएल 2024 में हिस्सा ले रहे और अपने खेल से सबका दिल जीत रहे हैं। अगर इन तीनों को भविष्य में भारतीय टी20 टीम में जगह मिलती है तो अभिषेक शर्मा भविष्य में यशस्वी जायसवाल के साथ पारी शुरू कर सकते हैं। वहीं, रियान पराग मध्य क्रम में बल्लेबाजी करते नजर आ सकते हैं। इसके अलावा मयंक यादव अपनी तूफानी रफ्तार का जलवा बिखेर सकते हैं। 

अभिषेक शर्मा ने दिखाया दम
आईपीएल 2024 में अभिषेक शर्मा सनराइजर्स हैदराबाद की तरफ से खेल रहे। उन्होंने अपने खेल से अबतक काफी प्रभावित किया है। उन्होंने 4 मैच में अबतक 215 से अधिक के स्ट्राइक रेट से 161 रन बनाए हैं। चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ पिछले मैच में अभिषेक ने 12 गेंद में 3 चौके और 4 छक्कों की मदद से 37 रन की तूफानी पारी खेली थी। अभिषेक का खेल तराशने में युवराज सिंह का बड़ा हाथ है। अभिषेक पंजाब की तरफ से घरेलू क्रिकेट खेलते हैं। 

रियान पराग भी रंग में हैं
राजस्थान रॉयल्स की तरफ से आईपीएल खेलने वाले रियान पराग ने आईपीएल 2024 में अबतक जोरदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने इस सीजन में 3 पारियों में 181 की औसत से 181 रन बनाए हैं। रियान ने दो अर्धशतक जमाए हैं और 13 चौके के साथ 12 छक्के उड़ाए हैं। इस सीजन से पहले उनके खेल को लेकर काफी आलोचना हो रही थी। वो लगातार सोशल मीडिया पर ट्रोल हो रहे थे। लेकिन, अब अपने खेल से उन्होंने आलोचकों को जवाब दे दिया है। वो ऑरेंज कैप की रेस में भी बने हुए हैं। 

मयंक यादव ने रफ्तार से सबका दिल जीता
लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए खेल रहे तेज़ गेंदबाज़ मयंक यादव ने अपनी रफ्तार से सबका दिल जीत लिया है। मयंक इस सीजन में लगातार 150 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गेंदबाजी कर रहे। उन्होंने आईपीएल 2024 की सबसे तेज गेंद भी फेंकी है। उन्होंने दो मैच खेले और दोनों में ही प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए हैं। उनकी रफ्तार ही नहीं, लाइन लेंथ भी सटीक है। अगर उनको ठीक से तराशा गया है तो वो भारतीय क्रिकेट के भविष्य के सितारे बन सकते हैं।