नई दिल्ली। घरेलू क्रिकेट में रनों का अंबार लगाने वाले मुंबई के बैटर सरफराज खान को एक दिन पहले सबसे बड़ी खुशखबरी मिली। उन्हें पहली बार भारतीय टेस्ट टीम में जगह मिली। सरफराज इसका जश्न कब मैदान में मनाएंगे, इसके लिए तो इंतजार करना होगा। लेकिन, उनके छोटे भाई मुशीर खान ने जरूर मैदान पर इसका जश्न मना लिया। मुशीर ने न्यूजीलैंड के खिलाफ अंडर-19 वर्ल्ड कप के सुपर-6 राउंड के पहले मैच में शतक ठोक दिया है। 

मुशीर खान ने न्यूजीलैंड के खिलाफ 109 गेंद में अपना शतक पूरा किया। इस दौरान उन्होंने 10 चौके और 1 छक्का मारा। मुशीर ने ओपनर आदर्श सिंह के साथ दूसरे विकेट के लिए 77 गेंद में 77 रन साझेदारी भी की थी। आदर्श भी अर्धशतक जमाकर आउट हुए। ये टूर्नामेंट में उनकी दूसरी फिफ्टी थी। मुशीर का ये अंडर-19 विश्व कप में दूसरा शतक है। 

मुशीर ने अंडर-19 विश्व कप में एक और फिफ्टी ठोकी
इससे पहले, उन्होंने अंडर-19 विश्व कप के ग्रुप स्टेज में आयरलैंड के खिलाफ शतक ठोका था। मुशीर ने आयरिश टीम के खिलाफ 106 गेंद में 9 चौके और 4 छक्कों की मदद से 118 रन बनाए थे। इसके बाद उन्होंने अमेरिका के खिलाफ आखिरी लीग मैच में भी 76 गेंद में भी 73 रन की पारी खेली थी। भारत इन दोनों मुकाबलों को जीतने में सफल रहा था। 

मुशीर का 2022 में फर्स्ट क्लास डेब्यू हो चुका
मुशीर बल्लेबाजी के साथ-साथ बाएं हाथ से स्पिन गेंदबाजी भी करते हैं। उन्होंने दिसंबर 2022 में मुंबई के लिए फर्स्ट क्लास डेब्यू किया था। अब तक 3 फर्स्ट क्लास मैच में मुशीर 96 रन बनाने के साथ 2 विकेट ले चुके हैं। 

बड़े भाई सरफराज की पहली बार टेस्ट टीम में एंट्री
वहीं, दूसरी तरफ बड़े भाई सरफराज खान को घरेलू क्रिकेट में और इंडिया-ए के लिए लगातार अच्छे प्रदर्शन का नाम मिला है। सरफराज को पहली बार भारतीय टेस्ट टीम में चुना गया है। वो इंग्लैंड लॉयंस के खिलाफ दो अनऑफिशियल टेस्ट में 4, 55 और 161 रन की पारी खेल चुके हैं।