नई दिल्ली। सानिया मिर्जा और मोहम्मद शमी देश के सबसे सफल खिलाड़ियों में शुमार हैं। सानिया भारत की महान टेनिस खिलाड़ी हैं जबकि शमी चैंपियन पेसर हैं। उन्होंने वनडे विश्व कप 2023 में शानदार गेंदबाजी कर भारत को फाइनल में पहुंचाया था। हाल ही में अफवाह उड़ी थी कि सानिया मिर्जा और शमी शादी करने जा रहे हैं। अब इस पर सानिया के पिता इमरान मिर्जा का बयान आया है। 

इमरान मिर्जा ने एक इंटरव्यू में कहा कि सानिया-शमी के निकाह की बात बकवास है। सानिया तो कभी शमी से मिली तक नहीं हैं। बता दें कि सानिया का इसी साल पाकिस्तानी क्रिकेटर शोएब मलिक से तलाक हुआ है वहीं मोहम्मद शमी भी अपनी पहली पत्नी हसीन जहां से अलग हो चुके हैं। 

भारतीय टेनिस आइकन सानिया मिर्ज़ा ने हाल ही में हज की पवित्र यात्रा शुरू की। करीब 5 महीने पहले उन्होंने अपने क्रिकेटर पति शोएब मलिक से अलग होने की घोषणा की थी। सानिया, जिन्होंने पेशेवर टेनिस से भी संन्यास ले लिया है, हाल ही में फ्रेंच ओपन 2024 के लिए एक्सपर्ट के रूप में काम कर रही थीं। सोशल मीडिया पर भारतीय खेल आइकन ने खुलासा किया था कि वह अब एक 'परिवर्तनकारी अनुभव' के लिए तैयार हो रही हैं, जिससे उन्हें एक बेहतर इंसान के रूप में लौटने की उम्मीद है।

बीते रविवार को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में सानिया ने लिखा था, "इस परिवर्तनकारी अनुभव की तैयारी करते हुए, मैं विनम्रतापूर्वक किसी भी गलत काम और कमियों के लिए आपसे माफी मांगती हूं।" सानिया ने आगे कहा कि उन्हें उम्मीद है कि अल्लाह उनकी प्रार्थनाओं को स्वीकार करेगा और उन्हें इस मार्ग पर दिशा दिखाएगा।