Paris Olympics 2024: भारतीय ओलंपिक संघ ने पेरिस ओलंपिक 2024 के लिए भारतीय एथलीटों की फाइनल सूची जारी कर दी है। इसमें 117 एथलीट शामिल हैं। हालांकि सूची में शॉट पुटर आभा खटुआ का नाम नहीं है। 

पेरिस ओलंपिक के लिए अंतिम भारतीय दल को मंजूरी
खेल मंत्रालय ने 117 एथलीटों की भागीदारी को हरी झंडी दे दी है। इनके साथ 140 सहायक कर्मचारी और अधिकारी होंगे। सहायक कर्मचारियों में से 72 को खेलों के दौरान एथलीटों की सहायता के लिए सरकारी की तरफ से धनराशि मिलेगी। 

आभा खटुआ का नाम नहीं 
आभा खटुआ का नाम अंतिम भारतीय सूची में नहीं है। शॉट पुटर आभा ने वर्ल्ड रैंकिंग कोटा में जगह बनाई थी। कुछ ही दिन पहले उनका नाम आश्चर्यजनक रूप से प्रतिभागियों की अंतिम विश्व एथलेटिक्स सूची से हटा दिया गया था, जिसके कारण उन्हें बिना किसी आधिकारिक स्पष्टीकरण के भारतीय दल से बाहर कर दिया गया था।
 
भारतीय ओलंपिक संघ ने पेरिस आयोजन समिति द्वारा निर्धारित दिशानिर्देशों के अनुसार, 11 आईओए आकस्मिक अधिकारियों और पांच मेडिकल टीम के सदस्यों सहित केवल 67 कर्मियों को ही शामिल किया जा सकता है।

किस खेल में कितने खिलाड़ी 
एथलेटिक्स 29 एथलीटों (11 महिलाएं और 18 पुरुष) के साथ सबसे आगे है। शूटिंग में 21 सदस्य हैं और हॉकी में 19 खिलाड़ी हैं। अन्य खेलों जैसे टेबल टेनिस में 8 खिलाड़ी, बैडमिंटन में पी वी सिंधु सहित 7 खिलाड़ी, कुश्ती, तीरंदाजी और मुक्केबाजी में 6-6 खिलाड़ी प्रतिनिधित्व करेंगे। रोइंग, घुड़सवारी, जूडो, भारोत्तोलन, नौकायन, तैराकी और टेनिस में एक या दो प्रतियोगी रहेंगे।  

पेरिस ओलंपिक 2024 में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद 
टोक्यो ओलंपिक 2020 में भारतीय ओलंपिक दल में 119 सदस्य थे। वर्तमान ओलंपिक के लिए भारतीय दल थोड़ा छोटा है। हालांकि भारत, टोक्यो से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद कर रहा है। टोक्यो ओलंपिक में नीरज चोपड़ा ने स्वर्ण पदक जीता था।