Who is Sarabjot Singh: सरबजोत सिंह और मनु भाकर ने मंगलवार को पेरिस ओलंपिक में भारत के लिए दूसरा पदक जीता। मनु और सरबजोत की भारतीय जोड़ी ने 10 मीटर एयर पिस्टल मिश्रित टीम स्पर्धा में कांस्य पदक जीता। सरबजोत और मनु भाकर ने कांस्य पदक मुकाबले में कोरियाई ओह ये जिन और ली वोनहो को 16-10 से हराकर पोडियम पर अपनी जगह पक्की की।

मनु और सरबजोत सिंह ने 10 मीटर एयर पिस्टल मिश्रित क्वालीफिकेशन राउंड में 580 के स्कोर के साथ कांस्य पदक शूट-ऑफ के लिए क्वालीफाई किया था। मनु पहले ही पेरिस ओलंपिक में पदक जीत चुकी थीं, सरबजोत सिंह ओलंपिक पदक जीतने वाले छठे भारतीय निशानेबाज बने। 

सरबजोत सिंह किसान के बेटे हैं
सरबजोत हरियाणा के अंबाला के धीन गांव से हैं। वह किसान जतिंदर सिंह और गृहिणी हरदीप कौर के बेटे हैं। उन्होंने चंडीगढ़ के डीएवी कॉलेज से पढ़ाई की है। उन्होंने कोच अभिषेक राणा से शूटिंग की बारीकियां सीखीं हैं। 

सरबजोत सिंह कैसे बनें निशानेबाज
सरबजोत सिंह ने समर कैंप के दौरान कुछ बच्चों को एक अस्थायी रेंज में एयर गन चलाते देखा। उस समय वह 13 साल के थे और फुटबॉलर बनने की उम्मीद रखते थे। लेकिन बच्चों को पिस्तौल से निशाना लगाते देखना उसके दिमाग से नहीं गया। 2014 में, वह अपने पिता के पास गए और कहा कि मैं शूटिंग करना चाहता हूं। उनके पिता, जो किसान हैं, ने कहा कि यह खेल बहुत महंगा है। लेकिन आखिरकार, सरबजोत ने शूटिंग खेलने के लिए महीनों तक जोर दिया और 2019 में जूनियर वर्ल्ड चैंपियनशिप, सुहल में स्वर्ण पदक जीता। 

सरबजोत सिंह के पदक और उपलब्धियां
एशियन गेम्स 2022:
टीम स्पर्धा में स्वर्ण पदक और मिश्रित टीम स्पर्धा में रजत पदक।
जूनियर विश्व कप 2022 सुहल में: टीम स्पर्धा में 1 स्वर्ण पदक और व्यक्तिगत और मिश्रित टीम स्पर्धाओं में 2 रजत पदक।
एशियन चैम्पियनशिप 2023, कोरिया: 10 मीटर एयर पिस्टल व्यक्तिगत स्पर्धा में कांस्य पदक और देश के लिए ओलंपिक 2024 का कोटा स्थान हासिल किया। 
ISSF WC 2023 भोपाल: व्यक्तिगत स्पर्धा में स्वर्ण पदक
विश्व कप 2023 बाकू में 2023: मिश्रित टीम स्पर्धा में स्वर्ण पदक