Logo
Vinod Kambli Video: विनोद कांबली का लड़खड़ाते हुए चलने का वीडियो वायरल होने के बाद फैंस ने सोशल मीडिया पर सचिन तेंदुलकर से उनकी मदद करने की अपील की है।

Vinod Kambli Video: पूर्व भारतीय क्रिकेटर विनोद कांबली का एक वीडियो वायरल हो रहा, जिसमें वो एक कदम भी चलने में लाचार नजर आ रहे हैं। उन्हें राहगीरों ने मदद कर एक दुकान के अंदर पहुंचाया। कांबली को इस हाल में देख फैंस चिंता में पड़ गए और फैंस ने उनके बचपन के दोस्त सचिन तेंदुलकर से मदद की अपील की है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो में कांबली को सड़क पर चलते समय संतुलन बनाए रखने के लिए संघर्ष करते हुए देखा गया, जिसके बाद वहां मौजूद लोग उनकी मदद के लिए दौड़े थे। इसके बाद से ही सोशल मीडिया पर फैंस इस वीडियो में सचिन तेंदुलकर को टैग करके अपने बचपन की दोस्त की मदद के लिए आगे आने को कह रहे। 

एक फैन ने कांबली के वीडियो में सचिन को टैग करते हुए लिखा, आपका दोस्त विनोद कांबली बहुत बीमार हैं। सारी पुरानी बातों को भूलकर उनकी मदद करें। इसके बाद शोक संदेश भेजने का कोई मतलब नहीं रह जाएगा। 

एक अन्य ट्विटर यूजर ने सचिन को टैग करते हुए लिखा, आपने हाल ही में ग्राहम थोर्प के निधन की खबर पर ट्वीट किया था। कहीं ऐसा न हो कि आगे आपको अपने दोस्त के लिए ऐसा करना पड़ जाए। प्लीज कांबली की मदद कीजिए। 

कांबली पिछले एक दशक में कई बार गंभीर रूप से बीमार पड़े हैं। 2012 में तो मुंबई में ड्राइव करते हुए ही उन्हें दिल का दौरा पड़ा था। उस वक्त उनकी एंजियोप्लास्टी हुई थी। 

सचिन और कांबली बचपन के दोस्त हैं। दोनों मुंबई से हैं और दोनों को रमाकांत आचरेकर ने क्रिकेट की बारीकियां सिखाईं थीं। बाद में दोनों ने अंतर्राष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व किया। सचिन ने नवंबर 1989 में भारत के लिए डेब्यू किया था जबकि कांबली ने 1991 में शारजाह में एकदिवसीय मैच में पहली बार भारतीय जर्सी पहनी थी।

कांबली ने 1991 से 2000 के बीच 104 वनडे में 14 अर्धशतक और दो शतकों के साथ 2477 रन बनाए। उन्होंने 17 टेस्ट मैच भी खेले, जिसमें उन्होंने चार शतक और तीन अर्धशतकों के साथ 54.20 की औसत से 1084 रन बनाए। 1995 में अंतिम बार टेस्ट मैच खेलने के बाद, जब उनकी उम्र 24 साल की हुई, तथा अक्टूबर 2000 के बाद उन्हें एकदिवसीय टीम में नहीं चुना गया, कांबली ने 2009 में अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट से तथा बाद में 2011 में प्रथम श्रेणी क्रिकेट से संन्यास की घोषणा कर दी थी। 

5379487