Shreyanka Patil ODI Debut : भारतीय महिला क्रिकेट टीम और ऑस्ट्रेलिया के बीच वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जा रहा। ये मुकाबला भारतीय स्पिनर श्रेयंका पाटिल के लिए खास है। उन्होंने इस मैच से वनडे डेब्यू किया है। श्रेयंका ने इसी महीने वानखेड़े स्टेडियम में ही अपना टी20 डेब्यू भी किया था। उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ तीन टी20 की सीरीज के आखिरी मैच में कमाल की गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट लिए थे। इसी प्रदर्शन के कारण उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया था। 

टीम इंडिया की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने श्रेयंका को डेब्यू कैप सौंपी। इस मुकाबले में स्मृति मंधाना की टीम में वापसी हुई है। तबीयत खराब होने की वजह से स्मृति पहला वनडे नहीं खेलीं थी। स्मृति के टीम में आने के कारण शेफाली वर्मा को बाहर बैठना पड़ा है। 

कौन हैं श्रेयंका पाटिल?
21 साल की श्रेयंका कर्नाटक की तरफ से घरेलू क्रिकेट खेलती हैं। वो दाएं हाथ से बल्लेबाजी के साथ ही ऑफ स्पिन गेंदबाजी करती हैं। श्रेयंका को इसी महीने इंग्लैंड के खिलाफ तीन टी20 की सीरीज में पहली बार भारतीय टीम में चुना गया था। श्रेयंका ने इस सीरीज में कुल 5 विकेट झटके थे। 

श्रेयंका पाटिल महिला प्रीमियर लीग (Womens Premier League) में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की तरफ से खेलती हैं। उन्होंने पहले ही सीजन में अपने प्रदर्शन से काफी प्रभावित किया था। इसके बाद वो इमर्जिंग एशिय़ा कप में खेली थीं। इसके बाद उन्हें इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज के लिए इंडिया-ए टीम में चुना गया था। 

21 साल की श्रेयंका महिला कैरेबियन प्रीमियर लीग (WCPL) में खेलने वाली पहली भारतीय महिला भी बनीं थी। गुयाना अमेजन वॉरियर्स के लिए खेलते हुए उन्होंने 9 विकेट लिए और टूर्नामेंट की अग्रणी विकेट लेने वाली गेंदबाज बनीं थीं। श्रेयंका टीम इंडिया के पूर्व कप्तान विराट कोहली को अपना आयडल मानती हैं।