Tristan Stubbs Monster Six: आईपीएल 2024 से पहले ऋषभ पंत की दिल्ली कैपिटल्स के खिलाड़ी ने ट्रिस्टन स्टब्स ने अपना दम दिखाया है। स्टब्स ने SA20 के एक मैच में इतना लंबा छक्का मारा कि गेंद सीधा स्टेडियम के बाहर सड़क पर जाकर गिरी। उस वक्त सकाफी ट्रैफिक था और गाड़ियां आ-जा रहीं थीं। गनीमत ये रही कि गेंद किसी कार पर जाकर नहीं गिरी। 

ट्रिस्टन स्टब्स SA20 में सनराइजर्स ईस्टर्न केप टीम की तरफ से खेल रहे हैं। शनिवार को उनकी टीम का मुकाबला डरबन सुपर जायंट्स से था। मैच में डरबन की टीम ने पहले बल्लेबाजी की थी और 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 159 रन बनाए थे। डरबन के लिए वियान मुल्डर ने सबसे अधिक 29 गेंद में 52 रन की पारी खेली थी।

160 रन का पीछा करने उतरी ईस्टर्न केप ने 97 रन के स्कोर पर 5 विकेट गंवा दिए थे। पांचवें नंबर पर बैटिंग के लिए स्टब्स उतरे थे। उन्होंने आते ही बड़े-बड़े शॉट्स लगाना शुरू कर दिए थे। इसी का नतीजा था कि ईस्टर्न केप को आखिरी 2 ओवर में जीत के लिए 10 रन की ही दरकार थी। 

स्टब्स ने मारा छक्का स्टेडियम के पार जाकर गिरी गेंद
ईस्टर्न केप की पारी का 19वां ओवर रीस टॉप्ली फेंकने आए। उनके इस ओवर की पांचवीं गेंद लेंथ बॉल थी, जो स्टब्स के पैड पर थी। स्टब्स थोड़ा क्रीज के अंदर गए और इस गेंद को स्क्वेयर लेग बाउंड्री की तरफ उठाकर मारा। स्टब्स के शॉट को देखकर ऐसा नहीं लगा कि गेंद बहुत दूर जाएगी। लेकिन, बॉल सीधे स्टेडियम के पार जाकर गिरी। राहगीर ने गेंद उठाकर अंदर फेंकी।

स्टब्स ने 37 गेंद में नाबाद 66 रन बनाए। अपनी इस पारी में स्टब्स ने 3 छक्के और 5 चौके मारे। ईस्टर्न केप ने जीत के लक्ष्य को 4 गेंद रहते हासिल कर लिया।