Logo
Under 19 World Cup 2024 Final: भारत अंडर 19 टीम और ऑस्ट्रेलिया अंडर 19 टीम के बीच बेनोनी के विलोमूर पार्क में रविवार को अंडर 19 विश्व कप 2024 का फाइनल मुकाबला खेला जाएगा।

Under 19 World Cup 2024 Final: भारत अंडर 19 टीम और ऑस्ट्रेलिया अंडर 19 टीम के बीच बेनोनी के विलोमूर पार्क में रविवार को अंडर 19 विश्व कप 2024 का फाइनल मुकाबला खेला जाएगा। उदय सहारन की कप्तानी वाली भारतीय टीम की कोशिश इस मुकाबले को जीतकर छठी बार खिताब अपने नाम करने पर होगी। भारतीय अंडर 19 टीम ने अब तक सबसे ज्यादा 5 बार अंडर 19 विश्व कप जीता है। साथ ही ऑस्ट्रेलिया ने 3, पाकिस्तान ने 2 और बांग्लादेश, वेस्टइंडीज, दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड ने 1-1 बार ट्रॉफ उठाई है। आइए जानते हैं भारतीय टीम ने कब-कब अंडर 19 विश्व कप जीता है। 

ये भी पढ़ें: IND vs ENG: तीसरे टेस्ट में धोनी का यह महारिकॉर्ड तोड़ देंगे रोहित शर्मा, हिटमैन को लगाने होंगे 2 छक्के

साल 2000
भारतीय टीम ने पहली बार साल 2000 में मोहम्मद कैफ की कप्तानी में अंडर-19 विश्व कप का खिताब जीता था। कोलंबो में खेले गए निर्णायक मुकाबले में भारत ने श्रीलंका अंडर-19 टीम को 6 विकेट से हराया था। युवराज सिंह भी इस टीम का हिस्सा थे। उन्हें प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया था। 

साल 2008
भारतीय अंडर 19 टीम ने साल 2008 में दूसरी बार अंडर 19 विश्व कप जीता था। क्वालालंपुर में खेले गए फाइनल में भारत ने दक्षिण अफ्रीका अंडर 19 टीम को DLS मैथड से 12 रन से हराया था। तब विराट कोहली भारतीय टीम की कमान संभाल रहे थे। रवींद्र जडेजा, मनीष पांड़े और सौरव तिवारी भी इसी टीम का हिस्सा थे। 

ये भी पढ़ें: Ravindra Jadeja: पिता के आरोपों पर बोले जडेजा, स्क्रिप्टेड इंटरव्यू में कही गई बातें झूठीं; इसे इग्नोर करें

साल 2012
टीम इंडिया ने साल 2012 में तीसरी बार अंडर 19 विश्व कप की ट्रॉफी उठाई थी। टोनी आयरलैंड स्टेडियम में खेले गए निर्णायक मैच में उन्मुक्त चंद की कप्तानी वाली भारतीय टीम ने ऑस्ट्रेलिया अंडर 19 टीम को 6 विकेट से मात दी थी। बाबा अपराजित,  संदीप शर्मा और हनुमा विहारी भी इसी टीम का हिस्सा थे। 

साल 2018
भारतीय टीम ने चौथी बार साल 2018 में अंडर 19 विश्व कप जीता था। बे ओवल, माउंट माउंगानुई में खेले गए फाइनल में भारत अंडर 19 टीम टीम ने ऑस्ट्रेलिया अंडर 19 टीम को 8 विकेट से रौंदा था। पृथ्वी शॉ इस विजेता भारतीय टीम के कप्तान थे। इसके अलावा शुभमन गिल, रियान पराग, कमलेश नागरकोटी और शिवम मावी भी इस विजेता टीम का हिस्सा थे। 

साल 2022
भारतीय टीम ने आखिरी बार साल 2022 में इंग्लैंड अंडर 19 टीम को 4 विकेट से हराकर अंडर 19 विश्व कप के खिताब पर कब्जा जमाया था। यश ढुल इस भारतीय टीम की कमान संभाल रहे थे। राजवर्धन हंगरगेकर, राज बावा, निशांत सिंधु भी इस युवा टीम का हिस्सा थे।

3 बार फाइनल में हारी भारतीय टीम
भारतीय टीम ने अब तक 5 बार अंडर 19 विश्व कप जीता है। इसके अलावा 3 बार टीम को निर्णायक मुकाबले में हार का सामना भी करना पड़ा है। 2006 में पाकिस्तान ने भारत को 38 रन से हराया था। 2016 में वेस्टइंडीज ने ईशान किशन की कप्तानी वाली भारतीय टीम को 5 विकेट से परास्त किया था। इसके अलावा अंडर 19 विश्व कप 2020 के फाइनल में बांग्लादेश ने भारत को DLS मैथड से 3 विकेट से मात दी थी। प्रियम गर्ग इस भारतीय टीम का नेतृत्व कर रहे थे। 

ये भी पढ़ें: IND vs ENG: भारतीय टीम को लगा तगड़ा झटका, ये मैच विनर खिलाड़ी हो सकता टेस्ट सीरीज से बाहर

5379487