Logo
Virat Kohli: भारत और श्रीलंका के बीच पहले वनडे में विराट कोहली 24 ही रन बना सके थे। दूसरा मुकाबला आज खेला जाएगा। 

Virat Kohli: भारत और श्रीलंका के बीच वनडे सीरीज का दूसरा वनडे भी कोलंबो में ही खेला जाएगा। जहां भारत के पूर्व कप्तान विराट कोहली के नाम ऐसा वर्ल्ड रिकॉर्ड है, जिसमें सचिन तेंदुलकर और सनथ जयसूर्या जैसे दिग्गज भी बहुत पीछे हैं। दूसरा वनडे आज दोपहर 2:30 बजे से खेला जाएगा। दोनों के बीच शुक्रवार को पहला मुकाबला टाई रहा था, जिस कारण आज का मैच जीतने वाली टीम सीरीज में बढ़त बना लेगी। 

विराट के नाम कोलंबो में 4 शतक 
विराट कोहली ने कोलंबो में 12 मैच खेले और 11 पारियों में 4 शतक लगा दिए। चारों शतक उन्होंने लगातार मैचों में लगाए थे। यहां उनके नाम एक फिफ्टी भी है। कोहली ने कोलंबो में 95.42 की औसत से 668 रन बनाए हैं। कोलंबो में 10 प्लस इनिंग और 500 प्लस रन बनाने वाले प्लेयर्स में कोहली से बेहतर औसत किसी बैटर का नहीं है। यहां सचिन का औसत 47.65 और जयसूर्या का 38.67 का है। हालांकि, सचिन और जयसूर्या ने भी कोलंबो में कोहली के बराबर ही 4-4 शतक लगाए हैं। लेकिन इसके लिए सचिन ने 27 और जयसूर्या ने 71 मैच खेले। 

14 हजार रन भी पूरे कर सकते हैं विराट 
भारत के लिए सबसे ज्यादा रन सचिन तेंदुलकर ने बनाए हैं। उनके नाम 18426 रन हैं। उनके बाद विराट कोहली ने 13872 रन बनाए हैं। सौरव गांगुली 11221 रन बनाकर तीसरे नंबर पर हैं। विराट आज 128 रन बनाकर 14 हजार वनडे रन पूरे कर सकते हैं। अगर वह सेंचुरी बनाते हैं तो कोलंबो में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले प्लेयर भी बन जाएंगे। 

श्रीलंका ने बनाए थे 230 रन 
कोलंबो में श्रीलंका ने टॉस जीतकर बैटिंग चुनी। टीम ने 50 ओवर में 8 विकेट खोकर 230 रन बनाए। दुनिथ वेल्लालागे ने 67 और पाथुम निसांका ने 56 रन बनाए। भारत से अक्षर पटेल और अर्शदीप सिंह को 2-2 विकेट मिले।

अच्छी शुरुआत के बाद बिखरी टीम इंडिया
भारत ने 12 ओवर में बगैर नुकसान के 75 रन बना लिए थे। यहां से टीम ने 12 रन बनाने में ही 3 विकेट गंवा दिए। रोहित शर्मा ने 58 रन बनाए। 6 बैटर्स को स्टार्ट मिला, सभी ने 15 से ज्यादा रन बनाए, लेकिन कोई भी टीम को जीत के पार नहीं पहुंचा सका। श्रीलंका से वनिंदु हसरंगा और चरिथ असलंका ने 3-3 विकेट लिए। दुनिथ वेल्लालागे को 2 विकेट मिले, उन्होंने 67 रन भी बनाए थे। इस प्रदर्शन के लिए वह प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए। सीरीज का दूसरा वनडे 4 अगस्त को कोलंबो में ही खेला जाएगा।

दूसरे वनडे के लिए भारत की पॉसिबल प्लेइंग-11 
रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल (विकेटकीपर), शिवम दुबे, वॉशिंगटन सुंदर, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, मो. सिराज।

5379487