Wahab Riaz: पाकिस्तान के चीफ सिलेक्टर और पूर्व तेज गेंदबाज वहाब रियाज को फैंस के गुस्से और बेइज्जती का सामना करना पड़ रहा। उन्होंने वर्ल्ड चैंपियंस लीजेंड्स 2024 में इंडिया चैंपियंस के बल्लेबाज का कैच छोड़ने की गलती की। शनिवार को बर्मिंघन में पाकिस्तान चैंपियंस और इंडिया चैंपियंस के बीच मुकाबला खेला गया। इसमें भारत को 68 रनों की करारी हार का सामना करना पड़ा।  

साधारण कैच नहीं पकड़ पाए मुख्य चयनकर्ता 
वहाब रियाज ने हाल ही में खेले गए टी20 विश्वकप में पाकिस्तान की राष्ट्रीय टीम को चुना था, जिसमें पाक टीम का प्रदर्शन बेहद खराब रहा था। इसके बाद से उनकी काफी किरकिरी हुई। रियाज ने एक सिंपल कैच छोड़ा, इसके बाद से वह फैंस के निशाने पर आ गए। 

पाकिस्तान चैंपियंस ने इंडिया चैंपियंस को 244 रन का लक्ष्य दिया। इसके जवाब में भारतीय लिजेंड्स के 169 रन पर 9 विकेट गिर गए। भारतीय टीम संघर्ष कर रही थी। आखिरी ओवर में आमिर यमीन की गेंद पर अनुरीत सिंह ने हवा में शॉट खेला। जिसे पकड़ने वहाब रियाज आगे आए। उन्होंने दोनों हाथों को आगे बढ़ाया, लेकिन गेंद उनके हाथों से छिटकते हुए जमीन पर जा गिरी।   

चयनकर्ता के रूप में फेल वहाब रियाज 
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने वहाब रियाज को पिछले साल नवंबर में मुख्य चयनकर्ता नियुक्त किया था। इंजमाम उल हक पर भ्रष्टाचार के आरोप लगने के बाद उन्हें यह पद दिया गया था। वहाब रियाज के कार्यकाल में पाकिस्तान टीम विश्वकप के सुपर-8 में भी नहीं पहुंच पाई।