Logo
Who is Jeffrey Vandersay: भारत के खिलाफ दूसरे वनडे में श्रीलंका के युवा स्पिनर जैफ्री वैंडरसे ने कमाल की गेंदबाजी की और मैच में 6 विकेट झटके। उन्हें चोटिल वानिंदु हसरंगा के स्थान पर टीम में शामिल किया गया था।

नई दिल्ली। भारत के खिलाफ दूसरे वनडे में श्रीलंका के युवा स्पिनर जैफ्री वैंडरसे ने कमाल की गेंदबाजी की। इस लेग ब्रेक गेंदबाज ने अपने कोटे के 10 ओवर में 33 रन देकर 6 विकेट झटके और इंटरनेशनल क्रिकेट में अपना बेस्ट प्रदर्शन किया। वैंडरसे की घातक गेंदबाजी की वजह से श्रीलंका ने दूसरे वनडे में भारत को 32 रन से हराया। 241 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम पूरे 50 ओवर भी नहीं खेल पाई और 42.2 ओवर में 208 रन पर ढेर हो गई। बता दें कि जैफ्री वैंडरसे को चोटिल ऑलराउंडर वानिंदु हसरंगा के स्थान पर टीम में शामिल किया गया था और उन्होंने इस मौके को पूरी तरह भुनाया। 

वैंडरसे ने 14वें ओवर की तीसरी गेंद पर भारतीय कप्तान रोहित शर्मा को आउट करके अपना खाता खोला। रोहित 64 रन बनाकर आउट हुए। क्रीज पर रहने के दौरान उन्होंने पांच चौके और चार छक्के लगाए। रोहित के विकेट के बाद वैंडरसे ने शुभमन गिल (35), शिवम दुबे (0), विराट कोहली (14), श्रेयस अय्यर (7) और केएल राहुल (0) को आउट किया। दरअसल, भारत की पारी के पहले 6 विकेट उन्होंने ही लिए थे।

दूसरे वनडे में अपने शानदार प्रदर्शन के लिए वैंडरसे को प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार मिला। भारत के खिलाफ दूसरे वनडे में 6 विकेट लेने वाले वैंडरसे मुथैया मुरलीधरन, अजंता मेंडिस, एंजेलो मैथ्यूज और अकिला धनंजय के बाद भारत के खिलाफ वनडे मैच में 6 या उससे अधिक विकेट लेने वाले पांचवें श्रीलंकाई गेंदबाज बन गए। 33 रन देकर 6 विकेट लेने का उनका आंकड़ा भारत-श्रीलंका वनडे मैच में पांचवां सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन है।

IND-SL वनडे में सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी आंकड़े 
मुथैया मुरलीधरन - 7/30 (शारजाह, 2000) 
अजंता मेंडिस - 6/13 (कराची, 2008) 
एंजेलो मैथ्यूज - 6/20 (कोलंबो, 2009) 
मोहम्मद सिराज - 6/21 (कोलंबो, 2023) 
जेफरी वैंडरसे - 6/33 (कोलंबो, 2024) 
अकिला धनंजय - 6/54 (पल्लेकेले, 2017)

कौन हैं जैफ्री वैंडरसे ?
वैंडरसे ने 30 जून, 2015 को कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में पाकिस्तान के खिलाफ टी20 मैच में अंतरराष्ट्रीय पदार्पण किया था। अब तक खेले गए 14 टी20 मैचों में उन्होंने सात विकेट लिए हैं और 20 रन बनाए हैं। श्रीलंका के लिए सबसे छोटे प्रारूप में उनकी सबसे हालिया उपस्थिति 27 फरवरी, 2022 को धर्मशाला में भारत के खिलाफ थी। स्पिनर ने अपना वनडे डेब्यू 28 दिसंबर, 2015 को न्यूजीलैंड के खिलाफ हेगले ओवल में किया था। उन्होंने जो 22 वनडे मैच खेले हैं, उनमें वेंडरसे ने 33 विकेट लिए हैं। उन्होंने 2022 में गॉल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एक टेस्ट मैच में भी श्रीलंका का प्रतिनिधित्व किया है, जहां वह केवल एक विकेट लेने में सफल रहे।

5379487