Who is Sana Javed: पाकिस्तानी क्रिकेटर शोएब मलिक ने एक्ट्रेस सना जावेद से निकाह कर लिया है। ये शोएब का तीसरा निकाह है। इससे पहले, उन्होंने भारतीय टेनिस स्टार सानिया मिर्जा से 2010 में दूसरी शादी की थी। पिछले एक साल से इस पावर कपल की तलाक की अफवाहें लगातार उड़ रही थी। अब शनिवार को शोएब ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट कर सना जावेद से निकाह का ऐलान कर दिया।

कौन हैं सना जावेद, जिसपर शोएब का दिल आया है। आखिर क्यों पाकिस्तानी ड्रामा क्वीन के लिए शोएब मलिक ने सानिया का साथ छोड़ा। 

सना ने मॉडलिंग से शुरू किया था करियर
बता दें सना जावेद पाकिस्तानी ड्रामा इंडस्ट्री का बड़ा नाम हैं। सना ने अपने करियर का आगाज मॉडलिंग से किया था, जिसके बाद उन्होंने पाकिस्तानी शो मेरा पहला प्यार में बतौर सपोर्टिंग एक्ट्रेस काम किया था। इसके बाद उनका शो 'शहर-ए-ज़ात' आया था। टेली शो के अलावा सना बड़े पर्दे पर भी नजर आईं थीं। उन्होंने पाकिस्तानी फिल्म 'मेहरुनिसा वी लव यू' में लीड रोल प्ले किया था। वो बिलाल अशरफ के साथ रंगरेजा में भी नजर आ चुकी हैं। 

सना ने 2020 में सिंगर उमैर से शादी की थी
अक्टूबर 2020 में सना जावेद ने सिंगर उमैर जसवाल से निकाह किया था। इस शादी को लेकर काफी सुर्खियां बनीं थीं और जल्द ही ये पाकिस्तान के मशहूर पावर कपल हो गए थे। हालांकि, दोनों का निकाह लंबा नहीं चला। कुछ ही समय़ बाद दोनों अलग-अलग रहने लगे थे और सोशल मीडिया अकाउंट से भी एक-दूसरे से जुड़ी तस्वीरें हटा दी थीं। बाद में दोनों के तलाक की खबरें आईं थीं। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि दोनों तरफ से नहीं हुई थी। 

2002 में शोएब ने पहला निकाह किया था
शोएब मलिक ने पहला निकाह 2002 में मॉडल आयशा सिद्दीकी से किया था। पाकिस्तानी क्रिकेटर ने 8 साल बाद यानी 2010 में आयशा से तलाक ले लिया था। इसके बाद उन्होंने भारतीय टेनिस स्टार सानिया से दूसरी शादी की थी। दोनों का रिश्ता करीब 14 साल चला। शोएब और सानिया शादी के 8 साल बाद पेरेंट्स बने थे। दोनों का 6 साल का बेटा इजहान है।