Logo
WPL 2024, UPW vs MIW: वीमेंस प्रीमियर लीग (WPL) 2024 के 14वें मुकाबले में गुरुवार को यूपी वॉरियर्स (UPW) का सामना मुंबई इंडियंस (MIW) से हुआ। इस मुकाबले में मुंबई इंडियंस ने यूपी वॉरियर्स को 42 रन से हराया।

WPL 2024, UPW vs MIW: वीमेंस प्रीमियर लीग (WPL) 2024 के 14वें मुकाबले में गुरुवार को यूपी वॉरियर्स (UPW) का सामना मुंबई इंडियंस (MIW) से हुआ। दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में मुंबई इंडियंस ने यूपी वॉरियर्स को 42 रन से हराया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई इंडियंस ने 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 160 रन बनाए। नेट साइवर-ब्रंट ने सबसे ज्यादा 45 रन बनाए। जवाब में यूपी वॉरियर्स की टीम 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 118 रन ही बना सकी। शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए नेट साइवर-ब्रंट को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

यूपी वॉरियर्स की खराब शुरुआत
161 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी यूपी वॉरियर्स शुरुआत से ही लड़खड़ा गई। दूसरे ही ओवर में साइका इशाक ने किरण नवगिरे को बोल्ड किया। किरण ने 1 छक्के की बदौलत 8 गेंदों पर 7 रन बनाए। चौथे ओवर में चमारी अटापट्टू भी सस्ते में अपना विकेट गंवा बैठीं। उन्होंने 5 गेंदों का सामना किया और 3 रन बनाए। 5वें ओवर की पहली गेंद पर यूपी का तीसरा विकेट गिरा। शबनम इस्माइल ने कप्तान एलिसा हीली को बोल्ड किया। हीली ने 9 गेंदों पर 3 रन बनाए। इसके बाद ग्रेस हैरिस और दीप्ति शर्मा ने पारी को संभालने का प्रयास किया। दोनों ने चौथे विकेट के लिए 26 रन जोड़े। शाइका इशाक ने इस साझेदारी को तोड़ा। 

एस सजना ने लपका शानदार कैच
41 के स्कोर पर यूपी को चौथा झटका लगा। ग्रेस हैरिस 15 रन बनाकर बोल्ड हुईं। 13वें ओवर में पूजा वस्त्राकर ने श्वेता सहरावत को बोल्ड किया। श्वेता 15 गेंदों पर 17 रन ही बना सकीं। 15वें ओवर में नेट साइवर-ब्रंट ने यूपी वॉरियर्स को लगातार 2 झटके देकर मुकाबले से बाहर ही कर दिया। ओवर की तीसरी गेंद पर उन्होंने पूनम खेमनार (7) को बोल्ड किया। अगली ही गेंद पर उन्होंने सोफी एक्लेस्टोन को एस सजना के हाथों कैच आउट कराया। सोफी गोल्डन डक का शिकार हुईं। सजना ने उनका छलांग लगाकर बेहतरीन कैच पकड़ा। 

साइका इशाक को 3 सफलताएं
तेजी से रन बनाने का प्रयास कर रहीं डेब्यूटेंट उमा छेत्री 19वें ओवर में साइका इशाक को कैच थमा बैठीं। साइका इशाक ने उनका शिकार किया। उमा ने 10 गेंदें खेलीं और 8 रन बनाए। आखिरी ओवर में एस सजना ने साइमा ठाकुर को पवेलियन की राह दिखाई। साइमा खाता तक नहीं खोल सकीं। दीप्ति शर्मा 36 गेंदों पर 53 रन बनाकर नाबाद रहीं। इस दौरान उन्होंने 6 चौके और 2 छक्के लगाए। राजेश्वरी गायकवाड़ भी 1 रन बनाकर नाबाद रहीं। मुंबई इंडियंस की ओर से साइका इशाक को 3 सफलताएं मिलीं। उनके अलावा नेट साइवर-ब्रंट ने 2 और शबनीम इस्माइल, हेली मैथ्यूज, पूजा वस्त्राकर, एस सजना ने 1-1 विकेट झटका।

मुंबई इंडियंस ने बनाए 160 रन
इससे पहले टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई इंडियंस ने 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 160 रन बनाए। मुंबई की शुरुआत कुछ खास नहीं रही। दूसरे ही ओवर में चमारी अटापट्टू ने हेली मैथ्यूज का विकेट चटकाया। हेली ने 3 गेंदों पर 1 चौके की मदद से 4 रन बनाए। चौथे ओवर में मुंबई को दूसरा झटका लगा। सलामी बल्लेबाज यास्तिका भाटिया ने 13 गेंदों पर 9 रन की पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 2 चौके भी लगाए। इसके बाद नेट साइवर-ब्रंट और कप्तान हरमनप्रीत कौर ने पारी को संभाला। दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 59 रनों की साझेदारी हुई। 76 के स्कोर पर मुंबई का तीसरा विकेट गिरा। राजेश्वरी गायकवाड़ ने नेट साइवर-ब्रंट को बोल्ड किया। ब्रंट ने 31 गेंदों पर 8 चौकों की बदौलत 45 रन बनाए। 

चमारी अटापट्टू ने किए 2 शिकार
15वें ओवर की पहली गेंद पर कप्तान हरमनप्रीत कौर को साइमा ठाकुर ने बोल्ड किया। हरमनप्रीत ने 30 गेंदों पर 33 रन जड़े। इस दौरान उनके बल्ले से 3 चौके और 1 छक्का लगाया। अगले ही ओवर में अमनजोत कौर को दीप्ति शर्मा ने अपना शिकार बनाया। उन्होंने 6 गेंदों पर 7 रन की पारी खेली। 20वें ओवर की आखिरी गेंद पर अमेलिया केर रन आउट हुईं। उन्होंने 169.57 की स्ट्राइक रेट से 23 गेंदों पर 39 रन बनाए। एस सजना 14 गेंदों पर 22 रन बनाकर नाबाद रहीं। यूपी वॉरियर्स की ओर से चमारी अटापट्टू को 2 सफलताएं मिलीं। उनके अलावा राजेश्वरी गायकवाड़, दीप्ति शर्मा और साइमा ठाकुर ने 1-1 शिकार किया। 

ये भी पढ़ें: WPL 2024, DCW vs UPW: दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ पहली जीत दर्ज करना चाहेगी यूपी वॉरियर्स, जानिए मैच से जुड़ी A To Z जानकारी

5379487