WPL 2024, MIW vs UPW: वीमेंस प्रीमियर लीग (WPL) 2024 के छठे मुकाबले में बुधवार को यूपी वॉरियर्स (UPW) ने मुंबई इंडियस (MIW) को 7 विकेट से हराया। बेंगलुरु के एम.चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में MIW ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 161 रन बनाए। जवाब में UPW ने 16.3 ओवर में 3 विकेट खोकर 163 रन बनाए और 7 विकेट से मुकाबले को जीत लिया। यूपी की ओर से किरण नवगिरे (57) ने अर्धशतक लगाया। शानदार पारी के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। टूर्नामेंट में यह यूपी की पहली जीत है। इससे पहले उन्हें रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर और दिल्ली कैपिटल्स के हाथों हार का सामना करना पड़ा था। वहीं मुंबई ने अपने पिछले दोनों मुकाबले जीते थे, लेकिन UPW ने MIW का विजयी रथ रोक दिया है।

किरण नवगिरे ने लगाया अर्धशतक
162 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी यूपी वॉरियर्स (UPW) की सलामी जोड़ी ने आते ही बड़े-बड़े शॉट लगाना शुरू किए। कप्तान एलिसा हीली और किरण नवगिरे ने पहले विकेट के लिए 55 गेंदों पर 94 रन जोड़े। 10वें ओवर की पहली गेंद पर किरण पवेलियन लौटीं। उन्होंने 6 चौकों और 4 छक्कों की मदद से 31 गेंदों पर 57 रन की पारी खेली। अमेलिया केर की गेंद पर यास्तिका भाटिया ने उन्हें स्टंपिंग किया। अगले ही ओवर में UPW को 2 झटके लगे। 11वें ओवर की दूसरी गेंद पर इस्सी वोंग ने ताहलिया मैकग्राथ को LBW आउट किया। ताहलिया मैकग्राथ ने 4 गेंदों पर 1 रन बनाया। ओवर की चौथी गेंद पर एलिसा हीली ने साइका इशाक को कैच थमा दिया। हीली ने 5 चौकों की बदौलत 29 गेंदों पर 33 रन बनाए।

इस्सी वोंग ने 2 विकेट चटकाए

इसके बाद ग्रेस हैरिस और दीप्ति शर्मा ने कोई विकेट नहीं गिरने दिया। दोनों ने चौथे विकेट के लिए 65 रन जोड़े और अपनी टीम को जीत दिला दी। हैरिस 17 गेंदों पर 38 रन बनाकर नाबाद रहीं। अपनी इस पारी में उन्होंने 6 चौके और 1 छक्का लगाया। वहीं दीप्ति शर्मा ने 4 चौकों की मदद से 20 गेंदों पर 27 रन बनाए। मुंबई की ओर से इस्सी वोंग ने 2 विकेट चटकाए। उनके अलावा अमेलिया केर को 1 सफलता मिली।  

मुंबई ने बनाए 161 रन
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई इंडियंस की शुरुआत शानदार रही। सबसे अच्छी बात रहीं कि पावरप्ले में टीम ने कोई विकेट नहीं गंवाया। 8वें ओवर की आखिरी गेंद पर MIW का पहला विकेट गिरा। यास्तिका भाटिया ने 22 गेंदों पर 26 रन की पारी खेली। ग्रेस हैरिस की गेंद पर राजेश्वरी गायकवाड़ ने उनका कैच लपका। इसके बाद आज के मैच में कप्तान नट साइवर-ब्रंट ने ली मैथ्यूज के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 92 रन जोड़े। 13वें ओवर में ब्रंट रन आउट हुईं। उन्होंने 2 चौके की मदद से 14 गेंदों पर 19 रन बनाए। 105 के स्कोर पर हेली मैथ्यूज ग्रेस हैरिस को कैच थमा दिया। मैथ्यूज ने 47 गेंदों पर 55 रन बनाए। 

सभी गेंदबाजों को मिला 1-1 विकेट
18वें ओवर में दीप्ति शर्मा ने अमेलिया केर को LBW आउट किया। केर ने 16 गेंदों पर 23 रन की पारी खेली। इस दौरान उनके बल्ले से 1 चौका और 1 छक्का लगा। अगले ही ओवर में पूजा वस्त्राकर भी अपना विकेट गंवा बैठीं। उन्होंने 12 गेंदों पर 18 रन बनाए। आखिरी ओवर में अंजलि सरवानी ने एस सजना को बोल्ड किया। सजना ने 2 गेंदों पर 4 रन बनाए। इस्सी वोंग 15 और अमनजोत कौर बिना कोई रन बनाए नाबाद रहीं। यूपी वॉरियर्स (UPW) की ओर से अंजलि सरवानी, ग्रेस हैरिस, सोफी एक्लेस्टोन, दीप्ति शर्मा और राजेश्वरी गायकवाड़ को 1-1 सफलता मिली।

ये भी पढ़ें: WPL 2024, MIW vs UPW: जीत की हैट्रिक लगाने उतरेगी बैंगलोर, दिल्ली की नजर दूसरी जीत पर; जानिए मैच से जुड़ी A To Z जानकारी