WPL 2024, RCBW vs UPW: वीमेंस प्रीमियर लीग (WPL) 2024 के दूसरे मुकाबले में शनिवार को रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCBW) ने यूपी वारियर्स (UPW) को 2  रन से हराया। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी RCBW ने 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 157 रन बनाए। सब्बिनेनी मेघना और ऋचा घोष ने अर्धशतक लगाया। जवाब में यूपी वारियर्स (UPW) 155 रन ही बना सकी। RCBW की ओर से शोभना आशा ने सबसे ज्यादा 5 विकेट लिए। वह  WPL में 5 विकेट लेने वाली पहली भारतीय बनी हैं। शानदार गेंदबाजी की लिए आशा को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

यूपी वारियर्स की खराब शुरुआत
158 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी UPW की शुरुआत भी कुछ खास नहीं रही। दूसरे ओवर की दूसरी गेंद पर ही सोफी मोलिनक्स ने कप्तान एलिसा हीली को बोल्ड किया। हीली ने 4 गेंदों पर 5 रन बनाए। 48 के स्कोर पर वृंदा दिनेश स्टपिंग हुईं। उन्होंने 28 गेंदों का सामना किया और सिर्फ 18 रन बनाए। इसी ओवर की तीसरी गेंद पर सोभना आशा ने UPW को तीसरा झटका दिया। उन्होंने ताहलिया मैकग्राथ (22) को बोल्ड किया। ग्रेस हैरिस और श्वेता सहरावत ने चौथे विकेट के लिए 75 रन जोड़े। 

शोभना आशा WPL में 5 विकेट लेने वाली पहली भारतीय बनीं

स्ट्रेटेजिक टाइम आउट के बाद के बाद 17वें ओवर की पहली ही गेंद पर UPW का चौथा विकेट गिरा। कप्तान स्मृति मंधाना ने श्वेता सहरावत का शानदार कैच लपका। उन्होंने 25 गेंदों पर 31 रन की पारी खेली। इसी ओवर की चौथी गेंद पर शोभना आशा ने ग्रेस हैरिस (38) को बोल्ड किया। ओवर की आखिरी गेंद पर शोभना आशा ने किरण नवगिरे (1) को पवेलियन भेजा। इसके साथ ही आशा WPL में 5 विकेट लेने वाली पहली भारतीय खिलाड़ी बनीं। 19वें ओवर में पूनम खेमनार पवेलियन लौटीं। उन्होंने 7 गेंदों पर 14 रन बनाए। दीप्ति शर्मा 13 और सोफी एक्लेस्टोन 1 रन बनाकर नाबाद रहीं। 

RCBW ने बनाए 157 रन
इससे पहले टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की शुरुआत कुछ खास नहीं रही। तीसरे ओवर की पहली गेंद पर ग्रेस हैरिस ने सलामी बल्लेबाज सोफी डिवाइन को LBW आउट किया। डिवाइन ने 5 गेंदों का सामना किया और 1 रन बनाया। 36 के स्कोर पर RCBW को दूसरा झटका लगा। कप्तान स्मृति मंधाना ने 11 गेंदों पर 13 रन की पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 1 चौका और 1 छक्का लगाया। ताहलिया मैकग्राथ ने उन्हें वृंदा दिनेश के हाथों कैच आउट कराया। 8वें ओवर में एलिस पेरी पवेलियन लौटीं। उन्होंने 7 गेंदों पर 8 रन बनाए। सोफी एक्लेस्टोन ने अपनी टीम को तीसरी सफलता दिलाई। 

सब्बिनेनी मेघना और ऋचा घोष ने जड़ा अर्धशतक
स्ट्रेटेजिक टाइम आउट के बाद RCBW ने 4 गेंद के भीतर 2 विकेट गंवा दिए। 17वें ओवर की पहली गेंद पर राजेश्वरी गायकवाड़ ने अर्धशतक लगाने वाली सब्बिनेनी मेघना (53) को पवेलियन भेजा। ओवर की चौथी गेंद पर उन्होंने जॉर्जिया वेयरहम ग्रेस हैरिस के हाथों कैच आउट कराया। जॉर्जिया खाता तक नहीं खोल सकीं। 19वें ओवर में दीप्ति शर्मा ने ऋचा घोष को बोल्ड किया। ऋचा ने 12 चौकों की मदद से 37 गेंदों पर 62 रन बनाए। सोफी मोलिनक्स 9 और श्रेयंका पाटिल 8 रन बनाकर नाबाद रहीं। UPW की ओर से राजेश्वरी गायकवाड़ को 2 सफलताएं मिलीं। उनके अलावा ग्रेस हैरिस, ताहलिया मैकग्राथ, सोफी एक्लेस्टोन और दीप्ति शर्मा ने 1-1 शिकार किया।

ये भी पढ़ें: WPL 2024: तीसरे मुकाबले में GGW से भिड़ेगी MIW; जानिए हेड टू हेड, प्लेइंग 11 और फैंटेसी 11 समेत सारी जानकारी