Yashasvi Jaiswal: धर्मशाला में भारत और इंग्लैंड के बीच खेले जा रहे आखिरी टेस्ट मैच में यशस्वी जायसवाल ने इतिहास रच दिया। विराट कोहली जैसे दिग्गज भी जो ना कर सके, यशस्वी ने टेस्ट में वह कारनामा कर दिखाया। दरअसल, यशस्वी जायसवाल एक टेस्ट सीरीज में 700 से ज्यादा रन बनाने वाले दूसरे भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। इससे पहले सिर्फ दिग्गज भारतीय क्रिकेटर सुनील गावस्कर ने यह कारनामा किया था। इंग्लैंड के खिलाफ खेली जा रही टेस्ट सीरीज में यशस्वी अब तक 712 रन बना चुके हैं। 

सुनील गावस्कर ने 2 बार किया यह कारनामा
भारत की ओर से एक टेस्ट सीरीज में सबसे ज्यादा और 700+ रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज सुनील गावस्कर हैं। उन्होंने अपने करियर में 2 बार यह कारनामा किया। गावस्कर ने 1971 में वेस्टइंडीज के खिलाफ उन्हीं के मैदानों पर 774 रन बनाए थे। साल 1978/79 में गावस्कर ने घरेलू मैदानों पर वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट सीरीज में 732 रन जड़े थे। यशस्वी जायसवाल भी अब सुनील गावस्कर के क्लब में शामिल हो गए हैं। भारत की ओर से एक टेस्ट सीरीज में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में तीसरे पर विराट कोहली हैं। उन्होंने 2014/15 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उन्हीं की जमीं पर 692 रन और 2016 में इंग्लैंड के विरुद्ध घरेलू मैदान पर 655 रन बनाए थे।

भारत के लिए एक टेस्ट सीरीज में सर्वाधिक रन

  • 774 - सुनील गावस्कर बनाम वेस्टइंडीज, 1971 (अवे)
  • 732 - सुनील गावस्कर बनाम वेस्ट इंडीज, 1978/79 (होम)
  • 712 - यशस्वी जयसवाल बनाम इंग्लैंड, 2024 (होम)
  • 692 - विराट कोहली बनाम ऑस्ट्रेलिया, 2014/15 (अवे)
  • 655 - विराट कोहली बनाम इंग्लैंड, 2016 (होम)

यशस्वी जायसवाल ने लगाया दोहरा शतक
मुकाबले में यशस्वी के प्रदर्शन की बात करें तो उन्होंने 58 गेंदों पर 57 रन बनाए। अपनी इस पारी में उन्होंने 5 चौके और 3 छक्के जड़े। शोएब बशीर की गेंद पर बेन फोक्स ने उन्हें स्टंपिंग आउट किया। यशस्वी जायसवाल का सीरीज में यह दूसरा अर्धशतक है। इसके अलावा वह 2 दोहरे शतक भी लगा चुके हैं। 

ये भी पढ़ें: IND vs ENG 5th Test: यशस्वी जायसवाल ने शोएब बशीर के ओवर में जड़े 3 छक्के, सचिन तेंदुलकर को पछाड़कर रचा इतिहास