Begusarai Road Accident: बिहार के बेगूसराय में मंगलवार तड़के भीषण हादसा हो गया। कार की टक्कर से ऑटो सवार 5 लोगों की मौत हो गई। जबकि, कार चालक भी घायल है। एफसीआई थाना क्षेत्र में रतन चौक के पास हुए इस हादसे से अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना स्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। 

बेगूसराय हादसे में इन्होंने गंवाई जान 

  • पुलिस ने सभी पांच मृतकों की पहचान कर ली। बताया कि विक्की पाठक नालंदा जिले का रहने वाला था। दिल्ली एम्स में कैंसर विभाग का मुख्य तकनीकी कर्मचारी था। साले की शादी के लिए बेगूसराय के मटिहानी जा रहा था। दूसरा मृतक सेंटू यादव बेगूसराय के शाम्हो गांव का रहने वाले था। यह भी शादी में शामिल होने आए थे। इनके यहां भी 11 जुलाई को शादी है। 
  • अमनदीप कुमार (22) और नीतीश कुमार (25) गढ़पुरा थाना क्षेत्र के रहने वाले थे। नीतीश, अमनदीप का भांजा था। 5वें मृतक की पहचान गौतम कुमार के रूप में हुई है। वह बेगूसराय के छौराही गांव के रहने वाले थे। 

मृतकों में सभी पुरुष शामिल 
एफसीआई थाना प्रभारी अंजलि कुमारी ने 5 लोगों की मौत की पुष्टि की है। सभी मृतक ऑटो में सवार थे। हालांकि, जख्मी लोगों के बारे में उन्होंने जानकारी नहीं दी। बताया कि मरने वालों में सभी पुरुष हैं।

ऑटो में 10 से 11 लोग सवार थे
पुलिस के अनुसार, ऑटो सिमरिया की ओर से जीरो माइल की तरफ जा रहा था। तभी सुबह 5:30 बजे रतन चौक के पास कार से उसकी टक्कर हो गई। ऑटो में 10 से 11 लोग सवार थे। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और ऑटो में फंसे शवों को बाहर निकलवाया। टक्कर इतनी तेज थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए।