Bihar News: बिहार में भागलपुर के सन्हौला शिव शक्ति मंदिर में तोड़फोड़ के बाद लोगों ने चक्का जाम कर दिया। रविवार, 20 अक्टूबर सुबह सन्हौला झारखंड मार्ग 3 घंटे जाम रहा। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने RJD-कांग्रेस पर आशंका जताई है। कहा, राहुल गांधी ने दंगा कराने की छूट दे रखी है। पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार कर पूछताछ कर रही है। 

3 घंटे बंद रही सड़क 
सन्हौला थाना क्षेत्र के तालाब स्थित दुर्गा मंदिर में हुई इस घटना के बाद लोगों ने सन्हौला से झारखंड जाने वाले मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शनकारी दोषियों को तत्काल गिरफ्तार किए जाने की मांग कर रहे हैं। पुलिस-प्रशासन करीब 3 घंटे मशक्कत कर प्रदर्शन समाप्त कराया। तब तक वाहनों का आवागमन थमा रहा। 

लाठी-डंडे लेकर पहुंचे लोग 
शिव-शक्ति मंदिर में प्रतिमा क्षतिग्रस्त करने की सूचना मिलते ही सैकड़ों श्रद्धालु एकत्रित हो गए। अपराधियों के गिरफ्तारी की मांग करते हुए विरोध-प्रदर्शन करने लगे। इस दौरान कई लोग लाठी-डंडे लेकर आए थे। बिहार पुलिस के अधिकारी स्पेशल फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाइश देकर शांत कराया। 

10 लाख के जेवर चोरी का आरोप 
पुलिस ने बताया कि मूर्ति खंडित करने वाले व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है। शांति समिति की बैठक कर फ्लैग मार्च किया जा रहा है। आरोपी मानसिक रूप से विक्षिप्त है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। प्रदर्शनकारियों ने 10 लाख से अधिक के जेवर चोरी का आरोप भी लगाया है।  

थाने के सामने विरोध प्रदर्शन

  • मंदिर के पुजारी ने बताया कि रविवार सुबह 7 बजे वह पूजा करने गए तो राम-लक्ष्मण, सीता, राधा-कृष्णा और मां दुर्गा की मूर्तियां टूटी मिलीं। इसकी सूचना जैसे ही ग्रामीणों को मिली वह थाने के सामने विरोध प्रदर्शन करने लगे। पुलिस मंदिर के आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है। पूजा समिति के लोगों ने बताया कि कुछ बाहरी लोगों ने पत्थरबाजी करने की कोशिश की है। 
  • एसडीपीओ ने बताया कि स्थिति शांतिपूर्ण है। घटनास्थल पर कहलगांव के अनुमंडल पदाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी, थानाध्यक्ष और अंचल निरीक्षक सहित अन्य अमला मौजूद है। प्रशासन ने अफवाह पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील किया है। 

दंगा कराना चाहते हैं  RJD-कांग्रेस के लोग 
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने भागलपुर के सन्हौला में हुई इस घटना के पीछे RJD और कांग्रेस का इसमें हाथ होने की आशंका जताई है। कहा, सूत्रों से मुझे मालूम हुआ है कि इसमें RJD और कांग्रेस के कुछ लोग शामिल हैं। वह दंगा कराना चाहते हैं। राहुल गांधी ने पूरे देश में दंगा कराने की छूट दे दी है। गिरिराज सिंह ने कहा, मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।