Bihar Flood News: नेपाल में लगातार हो रही बारिश का असर बिहार और यूपी तक दिखाई दे रहा है। कोसी और गंडक नदियां उफान पर हैं। बैराज से पानी छोड़े जाने के कारण बिहार के 13 जिलों में बाढ़ के हालात हैं। करीब एक लाख लोग बाढ़ की चपेट में हैं। प्रशासन ने बस्तियां खाली करने के निर्देश दिए हैं। बिहार में 1968 के बाद बाढ़ की इतनी बिकराल स्थिति बनी है। अब गंगा नदी का जलस्तर बढ़ने की आशंका है। 

स्थानीय लोगों ने बताया कि 55 साल बाद कोसी नदी में इतना पानी देखा है। उन्होंने 2008 जैसी बाढ़ की आशंका जताई है। बताया कि 2008 में दो-तीन लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया था। जिससे कुशहा बांध टूट गया और कई जिले बाढ़ की चपेट में आ गए थे। इस बार भी कोसी बराज से 5.5 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया है।  

पूर्णिया में नदी में समाया मस्जिद का ढांचा 
पूर्णिया में लगातार तीन दिन से बारिश हो रही है। कनकई महानंदा और परमान जैसी नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। बाढ़ के चलते बायसी प्रखंड के ताराबाड़ी में एक मस्जिद का ढांचा नदी में समा गया। इस घटना का वीडियो सामने सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो रहा है।  

मधेपुर में खाली कराई बस्तियां 
मधुबनी जिले में कोसी, कमला, भुतही बलान नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। मधेपुर प्रखण्ड के दर्जन भर गांव बाढ़ की चपेट में हैं। दर्जनों घरों में पानी घुस गया। लोग घर खाली कर सुरक्षित स्थानों पर जा रहे हैं। प्रशासन ने आश्रय स्थल बनाए हैं। कोसी बैराज से 5 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। जिस कारण इन इलाकों में पानी भरा है। एसडीआरएफ की दो टीमें 25 नावों और दो मोटरबोट लगाया कर लोगों को सुरक्षित इलाकों में पहुंचा रहा है।  

सुपौल में कई इलाके जलमग्न 
कोसी बराज से शनिवार रात 12 बजे 6 लाख 17 हजार क्यूसेक पानी डिस्चार्ज किया गया है। वहीं बराह क्षेत्र से 5 लाख 82 हजार क्यूसेक वाटर डिस्चार्ज रिकॉर्ड किया गया है। जिससे सुपौल में कई इलाकों में बस्तियां जलमग्न हो गईं हैं। जिला प्रशासन और जल संसाधन विभाग के अधिकारी रात भर तटबंधों की निगरानी और फ्लड फाइटिंग कार्य कराते रहे।

यह भी पढ़ें: Weather Update:  इंदौर-भोपाल समेत पूरे प्रदेश में बारिश का अलर्ट, बरगी, बाणगंगा और ओंकारेश्वर समेत 200  डैम फुल 

अररिया जिले में बांध टूटा 
अररिया जिले के पलासी प्रखंड में बकरा नदी पर स्थित बांध टूट गया। इससे कई इलाकों में पानी भर गया है। खेतों में खड़ी फसल बह गई। डेहटी मीरभाग में 60 फीट और ककोड़वा में 10-15 फीट बांध टूटा है।

यह भी पढ़ें: Delhi Weather Update: आज बादल रहेंगे लेकिन बारिश नहीं...कल से बढ़ने वाला है पारा, जानें राजधानी में प्रदूषण का हाल

पूर्वी चंपारण में स्कूल बंद, खगड़िया में अलर्ट

  • पूर्वी चंपारण में बाढ़ से हालात भयावह हो गए हैं। प्रशासन ने यहां 29 सितंबर तक स्कूलों की छुट्टी कर दी है। झंडुवा टोला एसएसबी कैंप और स्कूल में भी पानी घुस गया। 
  • कटिहार में महानंदा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। पिछले 18 घंटे में नदी का पानी 60 सेंटीमीटर बढ़ गया। 
  • खगड़िया में कोसी नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए जिला प्रशासन ने अलर्ट जारी किया है। 
  • पूर्णिया में बस्तियां खाली कराई जा रही हैं। लौरिया के अशोक स्तंभ परिसर में सिकरहना का पानी घुस गया।  
  • गौनाहा के मंगुरा गुहा और रुपौलिया गांव में हड़बोड़ा नदी का पानी घुस गया है। लोग परेशान हैं। 

वीडियो बनाकर बयां किया दर्द 
सहरसा जिले में बाढ़ का भयावह रूप देखने मिला। यहां लोग अपनी जान बचाने के लिए परेशान हैं। स्थानीय लोगों ने वीडियो बनाकर शासन प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है। रोते हुए कहा, यहां अब तक कोई मदद नहीं पहुंचाई गई।