Dalit Woman Beaten By Police In Sitamarhi: बिहार के सीतामढी से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां सुरसंड बाजार में एक पुलिसकर्मी ने दलित महिला को डंडे से जमकर पीटा। पुलिसकर्मी की पहचान सुरसंड के थाना प्रभारी इंस्पेक्टर राज किशोर सिंह के तौर पर हुई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है। जिसमें थाना प्रभारी सड़क पर महिला को डंडे मारे दिख रहे हैं। भाजपा सांसद गिरिराज सिंह ने वीडियो को शेयर करते हुए नीतीश सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि यह नीतीश कुमार जी का महिलाओं के सम्मान करने का तरीका है। 

गिरिराज सिंह ने नीतीश सरकार पर साधा निशाना, Watch Video...

किडनैपिंग से जुड़ा है मामला
वीडियो में सुरसंड थाने के प्रभारी इंस्पेक्टर राजकिशोर सिंह सड़क पर एक महिला को डंडे से पीटते दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने सुरसंड बाजार में महिला को कई बार डंडों से पीटा। इस घटना को लेकर सीतामढ़ी पुलिस की तरफ से बयान आया है। जिसमें कहा गया कि पुलिस का दावा है कि अपहरण के एक मामले में दो पक्षों के बीच हुई लड़ाई के बाद थाना प्रभारी राज किशोर सिंह केवल व्यवस्था बनाए रखने की कोशिश कर रहे थे।

एसडीपीओ ने जांच के दिए आदेश
उपमंडल पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) विनोद कुमार ने बताया कि यह घटना एक लड़की के अपहरण से जुड़ी है। लड़की को बरामद कर लिया गया है। लेकिन दोनों पक्ष पुलिस स्टेशन गए और बाहर आपस में झगड़ने लगे। इससे सड़क पर ट्रैफिक जाम हो गया और पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए अपने डंडे का इस्तेमाल किया। घटना की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। थाना प्रभारी को लाइन हाजिर किया गया है।