Logo
Nitish Kumar Responds to Lalu Prasad Yadav: मुख्यमंत्री ने तेजस्वी यादव समेत आरजेडी कोटे के मंत्री के विभागों की जांच पर भी बयान दिया। उन्होंने कहा कि अगर गड़बड़ी हुई तो उसकी जांच करवाई जाएगी।

Nitish Kumar Responds to Lalu Prasad Yadav: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के साथ आने की बात को ठुकरा दिया है। शुक्रवार को पत्रकारों से बात करते हुए लालू प्रसाद यादव ने कहा कि नीतीश कुमार दोबारा इंडिया गठबंधन में आते हैं तो देखेंगे। उनके लिए हमारे घर के दरवाजे हमेशा खुले हैं। इसे लेकर नीतीश कुमार ने कहा कि यह मत सोचिए कि कौन क्या कहता है। चीजें ठीक नहीं चल रही थीं, इसलिए मैंने उन्हें (आरजेडी) छोड़ दिया।

नीतीश कुमार ने कहा कि अब हम इधर (एनडीए) आ गए हैं। पहले भी साथ थे। अच्छे से काम हो रहा है। मुख्यमंत्री ने तेजस्वी यादव समेत आरजेडी कोटे के मंत्री के विभागों की जांच पर भी बयान दिया। उन्होंने कहा कि अगर गड़बड़ी हुई तो उसकी जांच करवाई जाएगी। यदि उन्होंने गलती की होगी तो डर होगा। इसके अलावा उन्होंने पीएम मोदी के 400 सीट जीतने के दावे पर कहा कि इस बार एनडीए पिछली बार से ज्यादा सीटें जीतेगा और प्रधानमंत्री ने बिलकुल ठीक कहा है।   

इंडिया गठबंधन खत्म हो चुका है
नीतीश कुमार ने इंडिया गठबंधन पर भी टिप्पणी की। उन्होंने नेशनल कॉन्फ्रेंस प्रमुख फारूक अब्दुल्ला और आरएलडी प्रमुख जयंत सिंह के इंडिया गठबंधन से हटने की बातों को लेकर कहा कि इंडिया गठबंधन पहले ही खत्म हो चुका है। मैंने अपनी तरफ से पूरी कोशिश की। मैं गठबंधन के लिए इस नाम के पक्ष में भी नहीं था क्योंकि मेरे मन में कुछ और था। बिहार के लोगों के लिए काम कर रहा हूं और करता रहूंगा।

सोचा नहीं था, वो ऐसा करेंगे
लालू यादव ने नीतीश कुमार के साथ दोबारा गठबंधन करने के सवाल पर कहा कि अब आएंगे तो देखेंगे। दरवाजा कभी बंद नहीं होता है। लेकिन सोचा नहीं था कि वे ऐसा करेंगे। 28 जनवरी को नीतीश कुमार ने महागठबंधन से रिश्ता खत्म कर लिया था। इसके बाद बीजेपी के साथ मिलकर सरकार बनाई। 

नीतीश कुमार और लालू यादव की गुरुवार को विधानसभा परिसर के अंदर गर्मजोशी के साथ मुलाकात हुई। दोनों नेताओं को हाथ मिलाते देखा गया।

5379487