Logo
Bihar Politics News: बिहार की राजनीति में बड़ी खलबली मची है। पूर्व केंद्रीय मंत्री RCP सिंह का पोस्टर सियासी गलियारों में सुर्खियां बटोर रहा है। सोशल मीडिया पर वायरल पोस्टर पर लिखा है कि टाईगर अभी जिंदा है।

Bihar Politics News: बिहार की राजनीति में बड़ी खलबली मची हुई है। पूर्व केंद्रीय मंत्री RCP सिंह का पोस्टर सियासी गलियारों में सुर्खियां बटोर रहा है। सोशल मीडिया पर वायरल पोस्टर पर लिखा है कि टाइगर अभी जिंदा है...टाइगर रिटर्न्स। पोस्टर के साथ-साथ चर्चा यह भी है कि जेडीयू के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष RCP सिंह अब नई पारी की शुरुआत करने की तैयारी में हैं। बीजेपी को छोड़कर अब नई पार्टी बनाने जा रहे हैं। एक टीवी चैनल को दिए इंटरव्यू में RCP ने कहा था कि वे अब बिहार की सेवा करेंगे।

कौन हैं आरसीपी सिंह 
रामचंद्र प्रसाद सिंह का जन्म 6 जुलाई 1958 को बिहार के नालंदा में हुआ। वे यूपी कैडर के पूर्व आईएएस अधिकारी हैं। 1996 में तत्कालीन केंद्रीय मंत्री बेनी प्रसाद वर्मा के निजी सचिव बने। नीतीश कुमार रेल मंत्री बने, तो सिंह को विशेष सचिव के पद पर नियुक्त किया गया। नवंबर 2005 में नीतीश कुमार बिहार के मुख्यमंत्री बने तो सिंह को प्रमुख सचिव का पद सौंपा। आरसीपी सिंह ने 2010 में स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति (वीआरएस) लिया और जेडीयू ने उन्हें उसी वर्ष राज्यसभा के लिए नामित किया। 2016 में पार्टी ने उन्हें फिर से राज्यसभा भेजा। दिसंबर 2020 में जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष बने।

जल्द कर सकते हैं नई पार्टी की घोषणा
5 अगस्त 2022 को आरसीपी सिंह ने जेडीयू से इस्तीफा दिया और 11 मई 2023 को दिल्ली में बीजेपी की सदस्यता ली। बीजेपी के वरिष्ठ नेता धर्मेंद्र प्रधान ने सिंह को भाजपा की सदस्यता दिलाई थी। पार्टी में उचित स्थान नहीं मिल पाया और वे हाशिए पर चल रहे हैं। अब चर्चा है कि आरसीपी सिंह एक बार फिर से सक्रिय हो रहे हैं। जल्द ही नई पार्टी की घोषणा कर सकते हैं। उनके समर्थकों ने पटना की सड़कों पर उनकी तस्वीरों के साथ पोस्टर लगाए हैं। पोस्टर सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहे हैं। 

मोदी सरकार में मंत्री भी रह चुके
केंद्र की नरेंद्र मोदी की सरकार में 2021 से 2022 के बीच इस्पात मंत्री रह चुके आरसीपी सिंह का पोस्टर बिहार की राजधानी पटना में जमकर वायरल हो रहा है। उनके समर्थकों ने पटना में कई जगहों पर सड़क किनारे उनका पोस्टर लगाया है। जिसमें साफ-साफ लिखा है, 'टाइगर अभी जिंदा है। Tiger Return'। चर्चा है कि जनवरी 2024 में नीतीश की एनडीए में वापसी के बाद आरसीपी खुद को ठगा महसूस कर रहे हैं। लोकसभा चुनाव में न तो उनको टिकट मिला और न ही चुनाव प्रचार में तवज्जो मिली। पार्टी में कोई पद भी नहीं मिला। इसीलिए अब वे बड़ा फैसला लेने वाले हैं। 

विधानसभा चुनाव में कर सकते हैं बड़ा खेला 
खबर तो यह भी है कि 2025 में बिहार विधानसभा चुनाव में RCP अपना उम्मीदवार खड़ा कर सकते हैं। हालांकि इस बारे में अभी तक उन्होंने स्पष्ट रूप से कुछ नहीं बोला है लेकिन अलग-अलग चैनलों से बातचीत करते हुए उन्होंने इस बात के संकेत जरूर दिए हैं कि वह आने वाले दिनों में कोई बड़ा फैसला ले सकते हैं। इस दिशा में तेजी से वह आगे बढ़ चुके हैं। 

5379487