बिहार में पुजारी की गोली मारकर हत्या, आंखें निकाल लीं, गुस्साए लोगों ने की आगजनी और पुलिस पर पथराव

Priest Shot Dead Eyes Gouged Out Tension in Gopalganj: बिहार के गोपालगंज में मंदिर के केयरटेकर (पुजारी) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इसके बाद उसकी दोनों आंखें निकाल ली। पुजारी का शव मिलने से लोगों में गुस्सा है। लोगों ने नेशनल हाइवे 27 पर शव रखकर प्रदर्शन किया। इस दौरान आगजनी और जमकर हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस पर भी पथराव किया। पुलिस ने हवाई फायरिंग कर स्थिति को संभाला। इस मामले को लेकर भाजपा ने नीतीश सरकार पर निशाना साधा। भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा कि बिहार में जंगलराज है।
6 दिन से लापता था पुजारी
गोपालगंजज के मांझा थाना क्षेत्र के दानापुर गांव के रहने वाले मनोज कुमार गांव के शिव मंदिर के केयर टेकर थे। पूजा पाठ भी करते थे। रात में वहीं सो जाते थे। बीते सोमवार यानी 10 दिसंबर की रात 32 वर्षीय मनोज कुमार अचानक लापता हो गए। उन्हें आखिरी बार आधी रात के आसपास दानापुर गांव के शिव मंदिर से निकलते देखा गया था।
प्राइवेट पार्ट पर मिलीं चोटें
अधिकारियों ने बताया कि मनोज कुमार का शव शनिवार देर शाम झाड़ियों से बरामद किया गया और उसके प्राइवेट पार्ट पर भी चोटें थीं। शव मिलने के तुरंत बाद पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए स्थानीय लोगों के साथ गांव में झड़पें शुरू हो गईं। ग्रामीणों द्वारा राष्ट्रीय राजमार्ग पर विरोध प्रदर्शन करने और पुलिस पर पथराव करने के बाद हुई झड़प में दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। एक पुलिस वाहन को भी आग के हवाले कर दिया गया।
परिवार ने लिखाई थी गुमशुदगी की रिपोर्ट
मनोज कुमार के परिवार ने मंगलवार को उनके लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी जिसके बाद पुलिस ने उनका पता लगाने के लिए तलाशी अभियान शुरू किया था। मनोज कुमार के भाई अशोक पूर्व भाजपा कार्यकर्ता हैं।
गांव में फोर्स तैनात, एसआईटी टीम का गठन
गोपालगंज के उपमंडल पुलिस अधिकारी प्रांजल ने कहा कि गांव में फोर्स तैनात कर दी गई है। अब शांति है। उन्होंने कहा कि जांच शुरू कर दी गई है और संदिग्धों को गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं।
पुलिस अधिकारी ने कहा कि मृतक पुजारी नहीं था। वह मंदिर में सोता था। केयर टेकर था। 10 दिसंबर को उनके लापता होने की सूचना मिली थी। सीसीटीवी में वे मंदिर के बाहरी गेट को लॉक कर वे बाहर जाते दिखाई दिए थे। बाद में उनका शव मिला। पुलिस सभी बिंदुओं पर तहकीकात कर रही है। एसआईटी टीम बना दी गई है। कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है। पूछताछ की जा रही है।
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS