Saharsa-LTT Mumbai Amrit Bharat Train: उत्तर प्रदेश, बिहार और मध्य प्रदेश से मुंबई जाने वाले यात्रियों के लिए रेलवे बड़ी सौगात दी है। रेलवे ने बिहार के सहरसा से मुंबई के लोकमान्य तिलक टर्मिनस (LTT) स्टेशन के बीच अमृत भारत एक्सप्रेस चलाने का निर्णय लिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 24 अप्रैल को मधुबनी से सहरसा-मुंबई अमृत भारत एक्सप्रेस को वर्चुअल शुभारंभ करेंगे। यह ट्रेन मध्य प्रदेश के सतना, जबलपुर, इटारसी में भी रुकेगी।
130 किमी प्रति घंटा की स्पीड
बिहार के सहरसा और मुंबई के LTT स्टेशन के बीच चलने वाली यह अमृत भारत ट्रेन 130 की रफ्तार से दौड़ेगी। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ कटारिया ने बताया, अमृत भारत ट्रेन भारतीय रेल की क्रांतिकारी पहल है, जो कम किराए में हाई-स्पीड, अत्याधुनिक डिजाइन और सुविधाओं से भरपूर यात्रा का अनुभव देती है। 130 किमी प्रति घंटा की स्पीड से चलने वाली इस ट्रेन का किराया 45 पैसे प्रति किमी है।
देश में सुपरफास्ट यात्री ट्रेनों की एक नई श्रेणी - अमृत भारत ट्रेन सहरसा से मुंबई के लिए बिहार की दूसरी अमृत भारत सुपरफास्ट ट्रेन होने वाली है, जो आधुनिक सुविधाओं से लैस है। यह ट्रेन बिहार के लोगों की यात्रा को बेहतर यात्रा अनुभव के साथ और अधिक आरामदायक बनाएगी।#RailInfra4Bihar pic.twitter.com/nDY8UT9sOn
— East Central Railway (@ECRlyHJP) April 22, 2025
यात्रियों को खास सुविधाएं
सहरसा-एलटीटी मुंबई अमृत भारत एक्सप्रेस में यात्रियों के लिए कई आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं। जनरल और सेकंड क्लास डिब्बों में विशेष डिवाइस लगाई गई हैं। झटका मुक्त यात्रा के लिए सेमी-ऑटोमैटिक कपलर लगाए गए हैं। दोनों छोर में लोकोमोटिव के साथ पुश-पुल ऑपरेशन के लिए कंट्रोल कपलर की सुविधा दी गई है।
यात्रियों के समय में होगी बचत
अमृत भारत एक्सप्रेस सुबह 5 बजे सहरसा स्टेशन से रवाना होगी और अगले दिन दोपहर 3 बजे मुंबई पहुंचेगी। सहरसा से मुंबई लोकमान्य तिलक टर्मिनल 1950 किमी दूर है। वर्तमान में इस रूट पर चलने वाली हमसफर ट्रेन साढ़े 35 घंटे में यह दूरी तय करती है। जबकि, अमृत भारत एक्सप्रेस 34 घंटे में यह सफर पूरा करेगी।
इन रेलवे स्टेशनों में स्टॉपेज
अमृत भारत एक्सप्रेस बिहार के सहरासा स्टेशन से शुरू होगी और खगड़िया हसनपुर रोड, समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, पाटलिपुत्र, दानापुर, आरा, बक्सर, मुगलसराय, मिर्जापुर, छिवकी, प्रयागराज, मानिकपुर, सतना, जबलपुर, इटारसी, भुसावल, जलगांव, नासिक रोड, कल्याण और ठाणे स्टेशन होते हुए लोकमान्य तिकल टर्मिनल पहुंचेगी।