Logo
Sushil Modi Funeral update: बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी का अंतिम संस्कार मंगलवार को पटना के दीघा घाट पर किया गया। राजकीय सम्मान के साथ उन्हें आखिरी विदाई दी गई। सुशील मोदी के बड़े बेटे उत्कर्ष ने पिता को मुखाग्नि दी

Sushil Modi Funeral update: बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी का अंतिम संस्कार मंगलवार को पटना के दीघा घाट पर किया गया। राजकीय सम्मान के साथ उन्हें आखिरी विदाई दी गई। सुशील मोदी के बड़े बेटे उत्कर्ष ने पिता को मुखाग्नि दी।सुशील मोदी के अंतिम संस्कार में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भी शामिल हुए।  इससे पहले सुशील मोदी के पार्थिव शरीर को दिल्ली से पटना हवाईअड्डे पर लाया गया। पटना एयरपोर्ट पर भी मौजूद लोगों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। इसके बाद फूलों से सजी पुलिस वैन के साथ पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए उनके आवास पर ले जाया गया।

गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया
सुशील मोदी के पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए आरएसएस कार्यालय, विधान परिषद और भाजपा कार्यालय में भी रखा गया। मंगलवार को दिन भर लोगों ने अपने प्रिय नेता को अंतिम श्रद्धांजलि अर्पित की। दीघा घाट पर उनकी सेवा और योगदान का सम्मान करने के लिए गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।

सात महीने से कैंसर से जूझ रहे थे सुशील मोदी
72 साल के सुशील मोदी ने दिल्ली एम्स में इलाज के दौरान आखिरी सांस ली। सात महीने पहले सुशील मोदी को गले का कैंसर होने का पता चला था। मंगलवार को जैसे ही चिता की लपटों ने उनके पार्थिव शरीर को पंचतत्व में विलीन किया राज्य ने एक ऐसे नेता के निधन पर शोक व्यक्त किया जिसका प्रभाव आने वाली पीढ़ियों तक याद रखा जाएगा।

  • सुशील मोदी के अंतिम दर्शन को पहुंचे उप मुख्यमंत्री विजय सिन्हा 
    बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री व भाजपा नेता सुशील मोदी की पार्थिव देह पटना स्थित उनके आवास लाई गई। उप मुख्यमंत्री विजय सिन्हा सहित श्रद्धांजलि देने के लिए कई नेता पहुंचे।  
    दिल्ली से पटना पहुंची भाजपा नेता सुशील मोदी की पार्थिव देह 
     
  •  
  • राजनीति में गहरी समझ रखते थे सुशील मोदी: PM 
    प्रधानमंत्री नरेंद्र  मोदी ने सुशी मोदी के निधन पर शोक जताया। कहा, पार्टी में अपने मूल्यवान सहयोगी और मित्र सुशील मोदी जी के असामयिक निधन से अत्यंत दुख हुआ है। बिहार में भाजपा के उत्थान और उसकी सफलताओं के पीछे उनका अमूल्य योगदान रहा है। आपातकाल का पुरजोर विरोध कर छात्र राजनीति से उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई थी। बेहद मेहनती व मिलनसार नेता थे। राजनीति में समझ बहुत गहरी थी। जीएसटी पारित होने में उनकी सक्रिय भूमिका सदैव स्मरणीय रहेगी।  
     
  • लालू यादव ने जताया दु:ख 
    बिहार के पूर्व सीएम और राजद प्रमुख लालू यादव ने दुख जताया। कहा, पटना यूनिवर्सिटी छात्र संघ के समय यानि 51-52 वर्षों से हमारे मित्र भाई सुशील मोदी के निधन का अति दुःखद समाचार प्राप्त हुआ है। वह एक जुझारू, समर्पित सामाजिक व राजनीतिक व्यक्ति थे। ईश्वर दिवगंत आत्मा को चिरशांति व परिजनों को दुख सहने की शक्ति दे। 
  • भाजपा के आदर्श और निष्ठावान कार्यकर्ता थे: अरुण साव
    छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने भाजपा नेता सुशील मोदी के निधन पर शोक जताया। कहा, वह भाजपा के आदर्श और निष्ठावान कार्यकर्ता थे। बिहार ही नहीं देश की राजनीति में उनका अहम योगदान रहा है। सुशील मोदी निधन न सिर्फ भाजपा बल्कि पूरे देश के लिए अपूर्णीय क्षति है। मैं विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं।
  • बिहार ने राजनीति का पुरोधा खो दिया: अमित शाह 
    केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शोक जताया। कहा, वरिष्ठ नेता सुशील मोदी के निधन की सूचना से आहत हूं। बिहार ने राजनीति के महान पुरोधा को खो दिया। ABVP से भाजपा तक सुशील जी ने संगठन व सरकार में कई महत्त्वपूर्ण पदों को सुशोभित किया। उनकी राजनीति गरीबों व पिछड़ों के हितों के लिए समर्पित रही।
  • लोगों का दुख-सुख बांटते थे: शाहनवाज हुसैन 
    भाजपा नेता शाहनवाज हुसैन ने सुशील मोदी के निधन पर शोक जताया। कहा, यह बिहार, भाजपा और मेरे लिए अपूर्णीय क्षति है। वह बिहार के लोगों का दुख-सुख बांटते थे। व्यक्तिगत तौर पर हमारे उनसे बहुत अच्छे संबंध थे। बहुत सारी यादें हैं, किसी एक के बारे में बताना मुश्किल है। 
  • मैंने अपना भाई खोया है: अश्विनी चौबे
    केंद्रीय मंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने शो जताया कहा, सुशील मोदी मेरे मित्र ही नहीं बल्कि भाई थे। मैंने अपने भाई को खोया है। सुशील मोदी बहुत विनम्र और परोपकारी थे। पार्टी के लिए समर्पण भाव से काम किया। 
     
  • सुशील मोदी को जुझारू नेता थे: नंदकिशोर यादव 
    बिहार विधानसभा अध्यक्ष नंद किशोर यादव ने सुशील मोदी को जुझारू नेता बताया। कहा, उनका जाना पार्टी के लिए अपूर्णीय क्षति है। हमने एक अभिभावक को खो दिया। सुशील मोदी से मेरा संबंध 1971 से है। 
     
  • CM नीतीश कुमार ने परिवार से बात कर दी सांत्वना 
    मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सुशील कुमार मोदी के निधन पर दुख व्यक्त किया है। साथ ही पत्नी जेसी जॉर्ज से टेलीफोन पर बात कर सांत्वना दी। कहा, सुशील मोदी का पार्थिव शरीर विशेष विमान से पटना लाया जाएगा। अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा।   
  • उनकी शून्यता को भर पाना मुश्किल: गिरिराज
    केंद्रीय मंत्री व बेगुसराय से भाजपा उम्मीदवार गिरिराज सिंह ने सुशील मोदी के निधन पर शोक जताया। बताया, छात्र जीवन से लेकर छात्र आंदोलन तक उन्होंने राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाई। जब से भाजपा में आए तो राष्ट्रीयता के लिए जागरण किया, उनकी शून्यता को भर पाना मुश्किल है 
     
  • सुशील मोदी जमीन से जुड़े हुए नेता थे: राजीव रंजन 
    JDU सांसद राजीव रंजन (ललन) सिंह ने कहा, सुशील मोदी बिहार में जमीन से जुड़े हुए नेता थे। उनके निधन से हम सभी मर्माहत हैं। उनकी अनुपस्थिति की क्षतिपूर्ति असंभव है।
     
  • सुशील मोदी का निधन मेरे लिए निजी क्षति: हरिवंश नारायण
    राज्यसभा के उप सभापति हरिवंश नारायण सिंह ने पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी के निधन पर शोक जताया। कहा, उनका असामयिक जाना देश के उन करोड़ों लोगों के लिए निजी क्षति है, जो लोग सूचिता, मूल्यों, नैतिकता की राजनीति चाहते हैं। मेरे लिए यह निजी क्षति जैसा है।  
    • पाटलिपुत्र की राजद उम्मीदवार मीसा भारती ने सुशील मोदी के निधन पर कहा, यह मेरे लिए व्यक्तिगत क्षति और राज्य के लिए दुख की घड़ी है। उनके परिवार के साथ हमारी सांत्वना है। दुख की घड़ी में हम उनके परिवार के साथ हैं। 

 

 

5379487