रायपुर। देश के उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ शनिवार को इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय का 38वां स्थापना दिवस समारोह में पहुंचे। उनके साथ राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंदन, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और कृषि मंत्री रामविचार नेताम भी मौजूद थे। जहां उपराष्ट्रपति ने विकसित संजीवनी धान के तीन इम्यूनोबूस्टर का लोकार्पण किया। 

इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने छात्र-छात्राओं को संबोधित किया। सीएम श्री साय ने अपने संबोधन में कहा कि, अब तक 160 से अधिक फसलों को विकसित किया गया है। जिसमें कृषि विश्वविद्यालय बड़ी भूमिका निभा रहा है और अनुसंधानों और उद्यमिता के विकास को प्रेरित किया है। हम सभी मिलकर कृषि विकास की नई ऊंचाइयों को स्थापित करेंगे और किसानों के जीवन को खुशहाल और समृद्ध बनाएंगे।

18 लाख पीएम आवास स्वीकृत 

पीएम मोदी का जिक्र करते हुए श्री साय ने कहा कि, पीएम मोदी ने किसानों को खुशहाल जीवन की गारंटी दी है। किसानों की खुशी राज्य सरकार की गारंटी है। हमारी सरकार ने 18 लाख पीएम आवास बनाने की स्वीकृति दे दी है।

पहली कैबिनेट में 3,799 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया 

सीएम साय ने आगे कहा कि, पहली कैबिनेट बैठक में बजट में 3,799 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। महिलाओं के लिए महतारी वंदन योजना लागू की जाएगी, 12 हजार रुपए सालाना महिलाओं को देंगे। मुख्यमंत्री ने कृषि विश्वविद्यालय के अधिकारियों से आग्रह किया कि कृषकों के लिए रणनीति बनाएं, ताकि किसानों का कल्याण हो सके।