जितेंद्र सोनी-जशपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपने जन्मदिन पर न्योता भोज का एक कार्यक्रम प्रारंभ किया। जन्मदिन के अवसर पर मुख्यमंत्री ने बगिया स्थित एक छात्रावास में अपना जन्मदिन वहां के बच्चों के साथ मनाया था। वहीं प्रदेशवासियों से अपना या अपने परिजन का जन्मदिन छात्रावासों में बच्चों के साथ न्योता भोज कर मनाने की अपील की। सीएम विष्णुदेव साय की इस पहल की सभी सराहना कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री के इस पहल से प्रभावित होकर जशपुर के व्यापारी राज किशोर ताम्रकार अपने पूरे परिवार के साथ अपने बेटे का जन्मदिन मनाने जशपुर के हारा पाठ स्थित आदिम जाति कल्याण विभाग द्वारा संचालित ट्राइबल कन्या आश्रम पहुंचे। वहां पर उन्होंने पहाड़ी कोरवा बच्चियों के साथ अपने बेटे का जन्मदिन मनाया और केक कट किया। इसके बाद उनके साथ बैठकर भोजन किया और सभी छात्राओं को टेडी बेयर गिफ्ट किया।

 

बच्चियों ने पहल के लिए मुख्यमंत्री को दिया धन्यवाद 

छात्रावास की बच्चियां इस न्योता भोज से काफी खुश हुई। बच्चियों ने उनसे आग्रह किया कि, वे ऐसे ही अपने बेटे और परिजनों का जन्मदिन मनाएं। उन्होंने सीएम साय की इस पहल के लिए उन्हें धन्यवाद भी दिया।