रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के पुलिस लगातार ने अवैध रूप से गांजा तस्करी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। आज पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए युवकों के पास से 10 किलो 190 ग्राम गांजा समेत एक बोलेरो गाड़ी मिली है। जिसकी कुल कीमत 6 लाख रुपए बताई जा रही है। मामला कबीरनगर थाना क्षेत्र का है। 

मिली जानकारी के अनुसार, दोनों आरोपियों का नाम देवेन्द्र सिंह और धर्मेन्द्र सिंह है। दोनों हीरापुर के निवासी हैं। शुक्रवार को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि, कबीर नगर क्षेत्र के बंगाली होटल के पास चार पहिया वाहन में कुछ युवक सवार होकर गांजा बेचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहे हैं। इसके बाद पुलिस ने मौके पर जाकर आरोपियों को घेर लिया। वाहन में सवार दो युवकों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए युवकों के पास से 10 किलो 190 ग्राम गांजा समेत एक बोलेरो गाड़ी को जब्त किया है। जिसकी कीमत 6 लाख रुपए बताई जा रही है। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ नारकोटिक्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर कार्रवाई में जुट गई है। बताया जा रहा हैं कि, इनमें से एक आरोपी पहले भी गांजा सप्लाई के मामले में पकड़ा जा चुका है। उनके खिलाफ कुछ थानों में अपराध दर्ज है। हालांकि इस बात की पुष्टि नहीं हो सकी है।


पिछले दिनों भी पकड़ाए थे गांजा तस्कर 


वहीं पिछले दिनों महासमुंद नेशनल हाईवे एन एच 53 पर तस्कर एक कार में ओडिशा से गांजा लेकर मध्यप्रदेश जा रहे थे। चेकिंग के दौरान पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया। उनके पास से 50 लाख का 100 किलो गांजा जब्त किया गया था। इस मामले में पुलिस ने सतना मध्यप्रदेश के रहने वाले विनोद सिंह, उम्र 23 वर्ष को गिरफ्तार किया था। दूसरा आरोपी मौके पर से फरार होने में कामयाब हो गया था। पुलिस इस मामले में भी कार्रवाई कर रही है।