रायपुर। देश भर में 4 जून को लोकसभा चुनाव 2024 के नतीजे आएंगे। ऐसे में छत्तीसगढ़ में प्रशासनिक और पुलिस महकमे में अहम बदलाव किया जाएगा। विश्वस्त सूत्रों की मानें तो कई जिलों के कलेक्टर, एसपी के साथ ही जिला पंचायतों के सीईओ और नगर निगमों के कमिश्नर भी बदले जाएंगे। इसकी कवायद शुरू हो गई है और लिस्ट बननी भी शुरु हो गई है।

आईएएस ऋतु सेन सेंट्रल डेपुटेशन से छत्तीसगढ़ लौटीं 

इसी बीच 2003 बैच की सिकरेट्री रैंक की आईएएस ऋतु सेन सेंट्रल डेपुटेशन से छत्तीसगढ़ लौट आई हैं। उन्होंने दो दिन पहले 31 मई को मंत्रालय में अपनी ज्वाईनिंग दी है। ऐसे में सरकार को उन्हें भी कोई विभाग देना होगा। कहा जाता है कि, आगामी फेरबदल मे मंत्रालय की भी एक छोटी लिस्ट निकलेगी। जिसमें आईएएस ऋतु सेन को भी पोस्टिंग दी जाएगी। इस पुरे मामले में सरकार के करीबी लोगों की मानें तो राज्य में कई जिलों के कलेक्टर बदलेंगे। इसके साथ ही आधा दर्जन से अधिक जिलों के एसपी भी बदले जाएंगे। 

कई जिलों के बदले जाएंगे कलेक्टर और एसपी 

पिछली सरकार में पोस्टेड जिन कलेक्टरों और पुलिस अधीक्षकों का पिछली सूची में नंबर नहीं लग पाया था। उनमें से अधिकांश को सरकार इस बार बदल सकती है। यहां तक कि, जिन कलेक्टरों और पुलिस अधीक्षकों के खिलाफ संगठन के नेताओं की भी शिकायतें हैं। उनमें से भी कुछ को बदला जाएगा। कहा तो यह भी जा रहा है कि, एक आईजी और वहां के एसपी भी बदल सकते हैं। नगरीय निकाय चुनाव को ध्यान में रखते हुए कुछ नगर निगमों के आयुक्त भी बदले जाएंगे तो जिला पंचायत के दो-चार सीईओ को भी बदला जा सकता है। यहां तक की बिलासपुर में नए कमिश्नर की पोस्टिंग भी की जाएगी।

सीएम सचिवालय में लिस्ट बननी शुरू

आईएएस और आईपीएस के ट्रांसफर के लिए लिस्ट बननी शुरू हो गई है। चुनावों के चलते सीएम विष्णुदेव साय अभी व्यस्त चल रहे हैं। मगर उनके सचिवालय में अफसर किसे किस जिले में कलेक्टर और एसपी बनाना है और किस कलेक्टर, एसपी को चेंज करना है। इस पर मंथन प्रारंभ कर दिया गया है। टेंटेटिव लिस्ट बनने के बाद उसे सीएम विष्णुदेव साय को दिखाया जाएगा। लिस्ट को देखने के बाद सीएम श्री साय फिर अपने हिसाब से लिस्ट को फायनल करेंगे। आसन्न प्रशासनिकल सर्जरी में हो सकता है कि बिलासपुर संभाग में कमिश्नर की पोस्टिंग की जाए। 

बदले जा सकते हैं बिलासपुर कमिश्नर 

लोकसभा चुनाव के दौरान रायपुर के कमिश्नर संजय अलंग को बिलासपुर कमिश्नर का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया था। अभी भी बिलासपुर अतिरिक्त प्रभार में ही चल रहा है। बिलासपुर छत्तीसगढ़ का दूसरा बड़ा शहर है और हाई कोर्ट भी यहीं है। कोरबा और रायगढ़ जैसे इंडस्ट्रियल जिले भी हैं। इस लिहाज से समझा जा रहा कि, सरकार इस फेरबदल में किसी आईएएस को कमिश्नर बनाकर बिलासपुर भेजेगी।