रायपुर। अयोध्या के राम मंदिर में रामलला जल्द ही विराजेंगे। उनकी प्राण-प्रतिष्ठा को लेकर देशभर में तैयारियां की जा रही है। गली-चौराहे भगवा ध्वज से सजाए गए हैं। वहीं श्रीराम के ननिहाल छत्तीसगढ़ में भी उत्सव की तैयारियां की जा रही है। वहीं रामलला की प्राण प्रतिष्ठा समारोह की पूर्व संध्या पर आज रायपुर में ‘भांचा राम ननिहाल महोत्सव’ मनाया जाएगा। इस दौरान छत्तीसगढ़ राष्ट्रवादी संघ तीन बड़े विश्व रिकॉर्ड बनाने जा रहा है।   

छत्तीसगढ़ में आज बनेंगे ये तीन विश्व रिकॉर्ड
1.रायपुर के साइंस कॉलेज में धान से विश्व की सबसे बड़ी राम जी की रंगोली बनाई जाएगी। 
2. 2000 मीटर लंबा रामनामी गमछा तैयार किया जाएगा। यह विश्व का सबसे लंबा गमछा होगा। 
3. 501 बच्चे राम जी का रूप बनाकर भव्य शोभायात्रा निकालेंगे। यह झांकी साइंस कॉलेज से राम मंदिर तक जाएगी। 

ये तीनों कार्यक्रम अपने तय समय और व्यवस्था के अनुसार ही रिकार्ड में दर्ज होंगे। 

22 जनवरी को यहां होंगे ये आयोजन
वीआईपी रोड पर स्थित राम मंदिर में दिनभर भजन कीर्तन का आयोजन होगा। सुबह से शाम तक नेता, मंत्री और विधायक दर्शन के लिए आएंगे। प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में कांग्रेस कार्यकर्ता हनुमान चालीसा और सुंदर कांड का पाठ करेंगे। वहीं कौशल्या मंदिर में हवन-पूजन का आयोजन किया गया है।

राम मंदिर, रायपुर

 शाम को मनाया जाएगा दीपोत्सव 
प्रदेश के सभी आश्रम और छात्रावास में राम मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा का लाइव प्रसारण दिखाया जाएगा। शिक्षा विभाग और शासन की ओर से आश्रमों और दफ्तरों में शंख और घंटियां बजाई जाएगी। शाम को सभी घरों में दीपोत्सव मनाया जाएगा। स्मार्ट सिटी नवा रायपुर में 20 चौक-चौराहों पर स्पीकर के जरिए और एलईडी की मदद से प्राण प्रतिष्ठा दिखाया जाएगा।