बीजापुर में बड़ा नक्सली हमला: सुरक्षाबलों की गाड़ी को IED ब्लास्ट से उड़ाया, 9 जवान शहीद; इनमें 6 दंतेवाड़ा जिले के

bijapur naxal attack killed indian army personnel ied blast Chhattisgarh News in Hindi
X
बीजापुर में बड़ा नक्सली हमला: सुरक्षाबलों की गाड़ी को IED ब्लास्ट से उड़ाया, 9 जवान शहीद
नक्सल प्रभावित छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले से एक बड़ी खबर आ रही है। नक्सलियों ने जवानों के वाहन को विस्फोट कर उड़ा दिया है। 8 डीआरजी जवान और 1 ड्राइवर समेत 9 लोग शहीद हुए हैं।

बीजापुर। लगातार सुरक्षाबलों से मात खाकर बौखलाए नक्सलियों ने एक बार फिर से कायराना हरकत कर दी है। बीजापुर जिले के कुटरू से बेदरे जाने वाले रास्ते पर जवानों की गाड़ी को निशाना बनाकर ब्लास्ट किया है। इस नक्सल ब्लास्ट में वाहन में सवार 8 डीआरजी जवान और 1 ड्राइवर समेत 9 लोगों के शहीद होने की प्राथमिक जानकारी मिली है। सभी जवान दंतेवाड़ा डीआरजी के बताए जा रहे हैं।

मिली जानकारी के मुताबिक, बीजापुर जिले के कुटरू से बेदरे के बीच अंबोली नाला पर बने पुल को ब्लास्ट से नक्सलियों ने उड़ाया है। ब्लास्ट की चपेट में वाहन आ गया।

जिला बीजापुर में दिनांक 06.01.2025 को बेदरे कुटरू मार्ग में ग्राम अंबेली में IED ब्लास्ट में शहीद जवानों की सूची

  • डीआरजी HC 957 - बुधराम कोरसा पिता श्री पाण्डू कोरसा - ग्राम बड़े तुंगाली, पोस्ट थाना जांगला, जिला बीजापुर
  • बस्तर फाईटर्स C/1329 - सोमड़ू वेट्टी पिता श्री सन्नू वेट्टी - ग्राम परचेली बंडीपारा थाना कटेकल्याण तह0 कटेकल्याण जिला दंतेवाड़ा
  • बस्तर फाईटर्स C/1332 - सुदर्शन वेट्टी पिता श्री आषा राम व़्अम - ग्राम पो0 गुमलनार गिरसापारा थाना गीदम तह0 गीदम जिला दंतेवाडा
  • बस्तर फाईटर्स C/1389- सुबरनाथ यादव पिता श्री श्रीधर यादव - ग्राम पो0 छोटे तुमनार थाना गीदम तह0 गीदम जिला दंतेवाड़ा
  • बस्तर फाईटर्स C/1229 - हरीश कोर्राम पिता गोन्डू - पता गढ़मिरी पोस्ट नकुलनार थाना कुआकोण्डा, तह0कुआकोण्ड़ा जिला दन्तेवाड़ा
  • डीआरजी C/263 - डूम्मा मरकाम पिता श्री आयतु मरकाम - ग्राम पंचायत मड़कामीरास पोस्ट गुमियापाल थाना किरन्दुल तहसील बड़े बचेली जिला दन्तेवाड़ा
  • डीआरजी C/1098 - पण्डरू राम पोयाय पिता स्व0 श्री जोगा पोयाम - ग्राम कावड़गाॅंव रीमापारा पोस्ट कावड़गाॅव थाना कटेकल्याण तह0 दन्तेवाड़ा जिला दन्तेवाड़ा
  • डीआरजी C/1453 बामन सोढ़ी पिता स्व0 श्री हड़मा सोढ़ी - ग्राम करकावाड़ा पोस्ट नेलसनार थाना बांगापाल तह0 भैरमगढ़ जिला बीजापुर
  • वाहन चालक (सिविल) - तुलेश्वर राना - ग्राम आरापुर जगदलपुर
List of soldiers martyred in IED blast

सीएम साय ने किया ट्वीट
बीजापुर में ब्लास्ट को लेकर सीएम विष्णुदेव साय ने ट्वीट कर लिखा कि, कुटरू में नक्सलियों द्वारा किए गए आईईडी ब्लास्ट में 8 जवानों सहित एक वाहन चालक के शहीद होने की खबर अत्यंत दुःखद है। मेरी संवेदनाएं शहीदों के परिजनों के साथ है। ईश्वर से शहीद जवानों की आत्मा की शांति और शोकाकुल परिजनों को संबल प्रदान करने की प्रार्थना करता हूं। बस्तर में चल रहे नक्सल उन्मूलन अभियान से नक्सली हताश हैं और विचलित होकर ऐसी कायराना हरकतों को अंजाम दे रहे हैं। जवानों की शहादत व्यर्थ नहीं जाएगी, नक्सलवाद के खात्मे के लिए हमारी यह लड़ाई मजबूती से जारी रहेगी।

पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने किया ट्वीट
बीजापुर में ब्लास्ट को लेकर पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने ट्वीट कर लिखा कि, बीजापुर से आ रही खबर बेहद दुखद है। बीजापुर के कुटरू में माओवादियों द्वारा सुरक्षा बलों के वाहन पर IED ब्लास्ट किया गया है। इस दुखद घटना में हमारे 8 जवान और एक वाहन चालक के शहीद होने की सूचना है। हम सब शहीदों को अपनी विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं और उनकी शहादत को कोटि-कोटि सलाम करते हैं। लोकतंत्र विरोधी ताकतों के खिलाफ हम सब एकजुट हैं।

naxal Attack, IED blast
विस्फोट से बना बड़ा गड्ढा

गृह मंत्री विजय शर्मा ने किया ट्वीट
बीजापुर में ब्लास्ट को लेकर गृह मंत्री विजय शर्मा ने ट्वीट कर लिखा कि, बीजापुर जिले के कुटरू में नक्सलियों की कायराना करतूत में 8 जवानों सहित एक ड्राइवर के शहीद होने की खबर हृदयविदारक व अत्यंत ही दुःखद है। ईश्वर से शहीद जवानों की आत्मा को शांति घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य होने की प्रार्थना करता हूं। अपार दुःख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। भारत मां के वीर सपूतों का यह सर्वोच्च बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा। नक्सलवाद के खिलाफ हमारी लड़ाई निर्णायक मोड़ तक जारी रहेगी।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने किया ट्वीट
बीजापुर के कुटरू मार्ग पर नारायणपुर-बीजापुर के संयुक्त ऑपरेशन पार्टी के जवानों के काफिले पर नक्सलियों के द्वारा हमले का दु:खद समाचार प्राप्त हुआ है। इस हमले में 8 जवानों और एक वाहन चालक के शहीद होने की हृदयविदारक खबर प्राप्त हुई है। मैं शहीद जवानों के साहस और बलिदान को सादर नमन करता हूं। भगवान से उनकी आत्माओं की शांति, घायलों को शीघ्र-अतिशीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करने एवं शोकाकुल परिवारजनों को संबल प्रदान करने की प्रार्थना करता हूं।

IED से वाहन को बनाया निशाना
उल्लेखनीय है कि, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने साल 2026 तक बसतर से नक्सलियों के खात्मे का टारगेट रखा है। वे इस बात को कई बार सार्वजनिक तौर भी कह चुके हैं। इसी अभियाने में जुटी फोर्स की टुकड़ी बीजापुर जिले में अपरेशन के लिए निकली थी। जवानों को वापस लाने के लिए भेजे गए वाहन में सवार होकर जब वे लौट रहे थे तभी नक्सलियों ने IED में विस्फोट कर वाहन को निशाना बनाया।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo
Next Story