रायपुर- लोकसभा चुनाव से पहले लगातार केंद्रीय मंत्रियों का छत्तीसगढ़ दौरा जारी है। चुनाव से पहले भाजपा में बैठकों का दौरा भी चल रहा है। ऐसे में बीजेपी केंद्रीय चुनाव समिति की कल रायपुर में अहम मीटिंग होने वाली है। बैठक में लोकसभा चुनाव के लिए प्रत्याशियों की पहली सूची पर मंथन किया जाएगा। सबसे पहले पांच लोकसभा सीटों के प्रत्याशियों के नाम भी तय किया जाना है। 

इस मीटिंग में सीएम विष्णुदेव साय शामिल होंगे, उनके साथ प्रदेश प्रभारी ओम माथुर और सह प्राभारी नितिन नबीन मौजूद रहेंगे। एक तरफ छत्तीसगढ़ में बीजेपी केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक चलेगी, वहीं दूसरी तरफ डिप्टी सीएम अरुण साव और विजय शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष किरण देव सिंह, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय दिल्ली के लिए रवाना होंगे। 

11 में से 9 नए चेहरे उतार सकती है भाजपा 

2024 के लोकसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी 11 में से 9 लोकसभा क्षेत्रों में नए चेहरे को मैदान में उतार सकती है। इन 11 नामों में से 3 से 4 सीटों पर महिलाओं को मौका मिल सकता है। जानकारी के मुताबकि, भाजपा फरवरी के आखिरी तक सभी 11 सीटों पर प्रत्याशियों के नामों का ऐलान कर सकती है। वहीं लोकसभा सीटों पर जारी होने वाली दो अलग-अलग सूची में इन सभी सीटों का भी जिक्र किया जा सकता है।