भाजपा ने जताया भरोसा : भखारा क्षेत्र के जिला और जनपद पंचायत के पांच सदस्यों को बनाया सभापति, योग्य और अनुभवी लोगों को मिला मौका

यशवंत गंजीर- कुरुद। छत्तीसगढ़ त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में जीतकर आये भखारा क्षेत्र के जिला और जनपद सदस्यों पर भाजपा आलाकमान कुछ ज्यादा ही मेहरबान नजर आ रहा है। यहां क्षेत्र क्रमांक 1 से निर्वाचित जिला पंचायत सदस्य पूजा राजू सिन्हा को सभापति बनाकर महत्वपूर्ण विभाग की जिम्मेदारी दी है।
वहीं जनपद पंचायत कुरुद में इसी क्षेत्र के 5 लोगों को अध्यक्ष-उपाध्यक्ष से लेकर सभापति की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
बीते दिनों जिला पंचायत धमतरी और जनपद पंचायत कुरुद में हुए सभापति के निर्वाचन में भखारा क्षेत्र से निर्वाचित जनप्रतिनिधियों को महत्त्व दिया गया। यहां क्षेत्र 01 के जिला पंचायत सदस्य पूजा सिन्हा को संचार एवं संकर्म समिति के सभापति नियुक्त किया गया है। वहीं जनपद पंचायत कुरुद के क्षेत्र क्रमांक 1 से निर्वाचित सदस्य गीतेश्वरी हेमंत साहू को अध्यक्ष पद देने के बाद सामान्य प्रशासन समिति का सभापति बनाया गया
है।
भखारा मंडल के जनप्रतिनिधियों को मिला मौका
क्षेत्र क्र. 2 से निर्वाचित सतीश जैन को उपाध्यक्ष बनाकर उन्हें शिक्षा स्थायी समिति का सभापति बनाया गया है। क्षेत्र क्र. 18 से आनंद यदु को संचार एवं संकर्म समिति का सभापति, क्षेत्र क्र. 7 से एवन कुमार साहू को राजस्व एवं वन समिति का सभापति तथा क्षेत्र क्र.6 से सिंधु बैस को महिला बाल कल्याण समिति का सभापति नियुक्त किया गया है। बता दे कि, उपरोक्त सभी कुरुद विधानसभा के भखारा मंडल ताल्लुक रखते है। जबकि कुरुद और सिर्री मंडल से भी पार्टी से लगभग बराबर जनप्रतिनिधि चुनकर आये हैं।
आलाकमान के निर्णय को ही सर्वोपरि माना
अध्यक्ष-उपाध्यक्ष से लेकर सभापति कौन और किस क्षेत्र से होगा सारा निर्णय इस बार भाजपा आलाकमान ने ही लिया है। जिसे सभी सदस्यों ने सर्वोपरि माना और किसी ने प्रश्नचिन्ह नहीं लगाया। ऐसे में सिर्फ भखारा क्षेत्र को ही इतनी ज्यादा तवज्जो क्यो दी जा रही है, राजनीतिक गलियारों में अनेक तरह की चर्चाएं हो रही है।
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS