रविकांत सिंह राजपूत- मनेन्द्रगढ़। छत्तीसगढ़ में भाजपा का सदस्यता अभियान चलाया जा रहा है। पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री और भरतपुर सोनहत विधायक रेणुका सिंह ने अपने रेफरल आईडी से 10 हजार से ज्यादा बीजेपी के सदस्य बना कर पार्टी के शीर्ष नेतृत्व से मिले लक्ष्य को पूरा कर लिया है। विधायक रेणुका सिंह ने लक्ष्य पूरा होने पर क्षेत्र के देवतुल्य भाजपा कार्यकर्ताओं का आभार जताया है। 

दरअसल, 2 सितंबर से शुरू हुए भाजपा संगठन के सदस्यता अभियान के लिए सभी नेताओं को लक्ष्य दिया गया है। छत्तीसगढ़ में अब तक 33 लाख सदस्य हैं, इससे ज्यादा सदस्य बनाए जाएंगे। सांसदों को 20-20 हजार सदस्य बनाने का लक्ष्य दिया गया है। वहीं विधायकों को 10-10 हजार सदस्य बनाने का लक्ष्य दिया गया है। अपने विधानसभा क्षेत्र में जनता के बीच पहुंचकर उन्हें भाजपा की सदस्यता बनवाते हुए भरतपुर सोनहत विधानसभा में 10 हजार से अधिक सदस्य बनवा चुकी हैं। उन्होंने समस्त कार्यकर्ताओं से अपील की है कि 15 अक्टूबर तक अभियान के तहत सदस्य बनाने कार्य करते रहें।

इसे भी पढ़ें : सूरजपुर में आग ही आग : हत्याकांड से भड़का आक्रोश, शहर में कई जगहों पर आगजनी, भीड़ से जान बचाकर भागे

खुद मैदान में उतरकर चला रही हैं सदस्यता अभियान 

कार्यकर्ताओं की टीम के साथ सुबह शाम अलग-अलग शेड्यूल बनाकर सदस्यता अभियान को लेकर विधायक रेणुका सिंह स्वयं मैदान में उतरकर कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन कर रही हैं। प्रदेश द्वारा निर्धारित सदस्यता और पार्टी द्वारा दिए गए लक्ष्य को पार करने के लिए कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा निर्देश भी दे रही हैं। विधायक रेणुका सिंह ने भरतपुर सोनहत विधानसभा क्षेत्र के जनकपुर,  केल्हारी,  कोटडोल,  सोनहत,  रामगढ़,  नागपुर,  बरबसपुर, नई लेदरी, खोंगापानी, चैनपुर,  लोहारी, सरभोका, तारबहरा, पसौरी, उजियारपुर समेत विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों में पहुंचकर नागरिकों से संपर्क कर भाजपा से जुड़ने की अपील करते हुए स्वयं ही अपने रेफरल कोड से भाजपा की सदस्यता ग्रहण करवा रही हैं।