रायपुर। प्रदेश भाजपा के सदस्यता अभियान में सवा माह होने वाला है। इस समय में सांसद और विधायकों को दिया गया लक्ष्य प्राप्त करने में इनका पसीना छूट रहा है। सारे के सारे सांसद अब तक फिसड्डी साबित हुए हैं, कोई भी सांसद लक्ष्य के पास नहीं पहुंच सका है। एक ही सांसद 12 हजार के पार गए हैं, लेकिन इनका लक्ष्य भी अभी बहुत दूर हैं। जहां तक भाजपा के 54 विधायकों का सवाल है तो करीब एक दर्जन ही लक्ष्य को भेदने में सफल हुए हैं।

राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा अपने रायपुर प्रवास के दौरान इस मामले में नाराजगी भी जता चुके हैं। प्रदेश भाजपा संगठन ने सदस्यता अभियान के लिए विधायकों के लिए 10- 10 हजार का लक्ष्य तय किया है, वहीं सांसदों को 20-20 हजार सदस्य बनाने कहा गया है। सभी अपने लक्ष्य को लेकर जुटे हुए हैं और अपने लिंक से अपने समर्थकों के माध्यम से सदस्य बनाने का काम कर रहे हैं, लेकिन लक्ष्य तक पहुंचने में ज्यादातर विधायक और सांसद अभी कौसों दूर हैं।

इसे भी पढ़ें... ऊर्जा पार्क में मॉर्निंग वॉक करने वालों से शुल्क लेने का निर्णय स्थगित

तोखन साहू ही 12 हजार के पार

प्रदेश में भाजपा के दस लोकसभा सांसद और एक राज्यसभा सांसद है। इनमें से एक मात्र केंद्रीय मंत्री तोखन साहू ही दस हजार के पार पहुंचें हैं। इन्होंने 12 हजार से ज्यादा सदस्य बनाने में सफलता प्राप्त कर ली है, लेकिन बाकी सांसद दस हजार तक भी नहीं पहुंचे हैं। महासमुंद की सांसद और सदस्यता अभियान की सदस्य रूपकुमारी चौधरी दस हजार के पास पहुंचने वाली हैं। इन्होंने 9 हजार का आंकड़ा पार कर लिया है। बाकी सांसद पांच हजार का आंकड़ा भी पार नहीं कर सके हैं।

ये मंत्री-विधायक लक्ष्य के पार

प्रदेश में भाजपा के 54 विधायक हैं। सबसे पहले दस हजार का आंकड़ा पार करने वाले पहले विधायक कुरुद के अजय चंद्राकर रहे हैं। उनके खाते में इस समय 15 हजार से ज्यादा सदस्य हैं। लेकिन सबसे ज्यादा सदस्य बनाने के मामले में भिलाई वैशाली नगर के विधायक रिकेश सेन ने बाजी मार ली है। उनके खाते में 30 हजार से ज्यादा सदस्य हो गए हैं। इसी के साथ राजिम के विधायक रोहित साहू जहां 14 हजार के आस-पास हैं, वहीं नवागढ़ विधायक तथा खाद्य मंत्री दयालदास बघेल ने करीब 13 हजार सदस्य बना लिए हैं। अन्य विधायकों में प्रदेश के मंत्री केदार कश्यप, लखन लाल देवांगन, लक्ष्मी राजवाड़े ने भी अपना लक्ष्य प्राप्त कर लिया है। बाकी मंत्री प्रयास में लगे हुए हैं। संभावना है कि सभी मंत्री सदस्यता अभियान की तिथि समाप्त होने से पहले अपना लक्ष्य प्राप्त कर लेंगे। जो विधायक लक्ष्य तक पहुंचने में सफल रहे हैं, उनमें पंडरिया की विधायक भावना बोहरा, केशकाल के विधायक नीलकंठ टेकाम, दुर्ग के विधायक गजेंद यादव, अभनपुर के इंद्रकुमार साहू, प्रतापपुर की शंकुतला पोर्ते ने भी दस हजार का लक्ष्य पार कर लिया है।