रायपुर- बीते कुछ दिनों से भाजपा ने कांग्रेस पर पोस्टर और वीडियो अटैक करना शुरू किया है। यह अटैक लगातार किसी न किसी माध्यम से किया जा रहा है। हर बार नए मुद्दों को लेकर भाजपा सोशल मीडिया पर कांग्रेस पर अटैक करती हुई नजर आ रही है। इस बार मंगलसूत्र पर BJP ने एक वीडियो जारी किया है। जिसमें विपक्षी दलों को लुटेरा बताया गया है। 

इनकी नजर मंगलसूत्र पर

भाजपा ने सोशल मीडिया पर ट्वीट कर लिखा कि, जिनकी नजर आपके मंगलसूत्र पर है, उन लुटेरों पर वोट से प्रहार करो! आप सभी हर वर्ग का विकास करने वाली मोदी सरकार को चुनो...

सुशासन पर BJP का पोस्टर 

एक पोस्टर के जरिए पूर्व मंत्री उमेश पटेल ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए लिखा कि,झीरम पर मुझे अब विष्णुदेव सरकार से इंसाफ की उम्मीद है। विष्णु के सुशासन पर सभी को विश्वास है। 

शर्म करो कांग्रेसियों!

कांग्रेस को नक्सलवाद को लेकर घेरा गया है। पोस्टर में जवान यह कहता हुआ दिखाई दे रहा है कि, शर्म करो कांग्रेसियों! हम जान पे खेलकर छग की सेवा कर रहे हैं और तुम हमारी पीठ में छूरा भोंक रहे हो! वहीं सोशल मीडिया पर भाजपा ने ट्वीट कर लिखा कि, नक्सली खत्म हो गए तो कांग्रेसी अपनी दुकान कैसे चलाएंगे!

शेयर किया विनाश का पोस्टर 

भाजपा के मीडिया सेल ने कांग्रेस के लोकसभा प्रत्याशियों के खिलाफ छेड़े अपने पोस्टर वार को आगे बढ़ाते हुए गुरुवार को 'विकास के साथ विनाश' के नाम से पोष्टर जारी किया है। पोस्टर में भाजपा ने कैप्शन लिखा है.. रायपुर वासी सावधान! इस 'विकास' के साथ "विनाश" आता है। कार्टून में जिस चेहरे को प्रमुख रूप से दर्शाया गया है उसका चेहरा रायपुर लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस के घोषित प्रत्याशी विकास उपाध्याय से मिलता-जुलता प्रतीत होता है।